उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यूट्यूबर Salim Vastik पर हुए जानलेवा हमले ने प्रदेश की सियासत और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले ने तूल पकड़ लिया है और मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने साफ कहा है कि हमला करने वाले आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
14 बार चाकू से वार, सिर अलग करने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, दो हमलावरों ने सलीम पर 14 बार चाकुओं से वार किया। इतना ही नहीं, उनका सिर धड़ से अलग करने की भी कथित तौर पर कोशिश की गई। गंभीर रूप से घायल सलीम को तत्काल दिल्ली के Guru Teg Bahadur Hospital में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार गले की सर्जरी हो चुकी है, लेकिन पेट में गहरे घावों के कारण एक और बड़ी सर्जरी की जरूरत बताई जा रही है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पहले से मिल रही थीं धमकियां
बताया जा रहा है कि तीन तलाक और हलाला जैसी प्रथाओं के खिलाफ मुखर रुख अपनाने के कारण सलीम लंबे समय से कट्टरपंथी तत्वों के निशाने पर थे। जांच में सामने आया है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं और यूट्यूब चैनल पर इस्लाम व हलाला से जुड़े मुद्दों पर बोलना बंद करने का दबाव बनाया जा रहा था। बावजूद इसके, उन्होंने अपना रुख नहीं बदला।
गाजियाबाद पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार यह हमला अचानक नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम हो सकता है। आरोप है कि हमलावरों ने काफी समय तक उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और मौके की तलाश के बाद वारदात को अंजाम दिया।
लोनी की अली गार्डन कॉलोनी में दहशत
शुक्रवार सुबह लोनी की अली गार्डन कॉलोनी में सब कुछ सामान्य था, लेकिन सलीम के दफ्तर में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। नकाब पहने दो हमलावर बाइक से पहुंचे और गले व पेट पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। कुछ ही पलों में सलीम खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है, जबकि परिजन और समर्थक सलीम के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सुरक्षा और सामाजिक तनाव जैसे मुद्दों को केंद्र में ला दिया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







