नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान इंटरनेट पाबंदियों के बीच सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) के निर्देश पर टेक प्लेटफॉर्म GitHub से ब्लूटूथ बेस्ड मैसेजिंग ऐप Bitchat की तीन मुख्य रिपॉजिटरीज (डिजिटल कोड स्टोर) को हटा दिया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के सह-संस्थापक जैक डॉर्सी (Jack Dorsey) ने भारत सरकार द्वारा जारी किए गए इस कानूनी नोटिस की प्रति स्वयं सोशल मीडिया पर शेयर कर इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
I4C ने जारी किया नोटिस, IT एक्ट का दिया हवाला
सरकार की ओर से जारी नोटिस में IT एक्ट 2000 की धारा 79(3)(b) और ‘इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) रूल्स 2021’ के नियम 3(1)(d) का हवाला दिया गया है। I4C द्वारा GitHub को भेजे गए इस आपातकालीन नोटिस में Bitchat के मुख्य प्रोजेक्ट और एंड्रॉइड वर्जन से जुड़ी तीन रिपॉजिटरीज को 3 घंटे के भीतर हटाने या भारत में उनकी पहुंच (Access) पूरी तरह बंद करने का सख्त निर्देश दिया गया था, जिसके बाद प्लेटफॉर्म ने इसका अनुपालन किया।
बिना इंटरनेट काम करता है Bitchat
भारत सरकार के नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि Bitchat एक विकेंद्रीकृत (Decentralized) प्लेटफॉर्म है, जो ‘ब्लूटूथ मेश नेटवर्क’ (Bluetooth Mesh Network) तकनीक का उपयोग करता है।इस तकनीक की खासियत यह है कि यह बिना इंटरनेट, मोबाइल नेटवर्क या किसी केंद्रीय सर्वर (Central Server) के भी डिवाइस-टू-डिवाइस मैसेज भेजने की सुविधा प्रदान करती है। प्रदर्शनों के दौरान जब मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद किया गया था, तब ऐसे ऐप्स के इस्तेमाल की आशंकाएं बढ़ गई थीं।
डॉर्सी के पोस्ट के बाद फिर गरमाया मुद्दा
जैक डॉर्सी द्वारा सरकारी नोटिस सार्वजनिक किए जाने के बाद टेक जगत और डिजिटल राइट्स कार्यकर्ताओं के बीच ऑफलाइन और डिसेंट्रलाइज्ड कम्युनिकेशन टूल्स पर पाबंदी को लेकर बहस छिड़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इंटरनेट शटडाउन जैसी स्थितियों में बिना सेल्युलर कनेक्टिविटी के काम करने वाले पीयर-टू-पीयर (P2P) और मेश-नेटवर्क ऐप्स में आम जनता और प्रदर्शनकारियों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है, जिस पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क नजर रख रही हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







