राजस्थान के Churu district के बीदासर कस्बे में सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बदमाशों ने एक होटल में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में होटल मालिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बीदासर स्थित The Royal Treat Hotel में रात करीब 12:30 बजे हुई। एसपी Jai Yadav के अनुसार, तीन बदमाश होटल में घुसे और करीब पांच मिनट तक लगातार गोलियां चलाते रहे। इस हमले में होटल मालिक मुनीराम मंडा की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन घायलों की हालत नाजुक
फायरिंग में भीखाराम जाट, श्रवण जाट और प्रभुराम प्रजापत निवासी दडीबा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत बीदासर के राजकीय बगड़िया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जयपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
CCTV फुटेज में कैद वारदात
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि होटल के अंदर लोग बैठे थे, तभी बाहर से आए बदमाशों ने अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। टेबल के आसपास खड़े लोगों को भी निशाना बनाया गया। अचानक हुई फायरिंग से होटल में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर भागते नजर आए।
शराब कारोबार को लेकर रंजिश की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के धंधे को लेकर आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मृतक मुनीराम मंडा शराब और होटल कारोबार से जुड़े थे। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और रंजिश के असली कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
होटल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल परिसर को घेर लिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। बीदासर कस्बे में घटना के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में सख्त निगरानी रखी जा रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







