एशिया कप 2025 फाइनल के बाद एक नया विवाद सामने आ गया है। भारत ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। यही नहीं, पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ भी नहीं मिलाया। इस घटनाक्रम से पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा भड़क गए हैं।
पाक कप्तान का आरोप: “क्रिकेट का अपमान”
करारी हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान आगा ने कहा, “मैंने ऐसा पहली बार देखा है। टूर्नामेंट में जो हुआ, वह बेहद निराशाजनक था। अगर विजेता टीम एसीसी अध्यक्ष से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दे, तो यह खेल का अपमान है। भारत का रवैया क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि भारत का यह व्यवहार न केवल पाकिस्तान, बल्कि क्रिकेट की भावना के खिलाफ है। आगा ने कहा कि उनकी टीम ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं और मेडल व ट्रॉफी को सम्मान के साथ स्वीकार किया।
‘नो हैंडशेक विवाद’ बना मुद्दा
यह विवाद पहली बार 14 सितंबर को शुरू हुआ था, जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार किया। 21 सितंबर को सुपर-4 मुकाबले में भी यही दोहराया गया और फाइनल में भी भारतीय टीम ने पाक खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। आगा ने सूर्यकुमार यादव को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, “टूर्नामेंट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस और रेफरी मीटिंग में सूर्या ने मुझसे हाथ मिलाया था। लेकिन जब कैमरे के सामने होते हैं, तो हाथ नहीं मिलाते। शायद वे दिए गए निर्देशों का पालन कर रहे हैं।”
पुरस्कार वितरण में 90 मिनट की देरी
विवाद की वजह से फाइनल मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में करीब 90 मिनट की देरी हुई। भारत के ट्रॉफी लेने से इनकार ने पूरे आयोजन को प्रभावित किया। अब देखना होगा कि एसीसी और आईसीसी इस मामले पर क्या कदम उठाते हैं, क्योंकि यह मामला केवल खेल का नहीं, बल्कि भारत-पाकिस्तान संबंधों से भी जुड़ गया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







