भारत के मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों की लिस्ट में शामिल और लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज़ सईद को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। वर्षों से पाकिस्तान में छिपे होने की खबरों के बावजूद, पाकिस्तान सरकार लगातार इसके इनकार करती रही है। लेकिन अब सैटेलाइट तस्वीरों ने इस झूठ की पोल खोल दी है। तस्वीरों से साफ हो गया है कि हाफिज़ सईद पाकिस्तान के लाहौर में एक आलीशान इमारत में रह रहा है और वहीं से अपनी आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।
लाहौर में आलीशान ठिकाना
एक खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, सैटेलाइट तस्वीरों में जो इमारत दिखाई गई है, वही हाफिज़ सईद का मुख्य निवास स्थान है। इसमें वह अपने परिवार के साथ रहता है। इस परिसर में एक और इमारत है, जहाँ उसकी सुरक्षा में तैनात टीम रहती है। इसके अलावा एक मस्जिद और मदरसा भी उसी क्षेत्र में स्थित हैं, जिनके नीचे बेसमेंट की भी जानकारी मिली है। रिपोर्ट बताती है कि यही जगह आतंकी साजिशों का केंद्र है।
पाकिस्तान का इनकार, भारत की सख्ती
जहाँ पाकिस्तान लगातार हाफिज़ की मौजूदगी से इनकार करता रहा है, वहीं भारत ने हमेशा उसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेनकाब किया है। हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें लश्कर के टॉप कमांडर का एनकाउंटर किया गया।
कई ठिकानों से संचालित होती हैं साजिशें
सूत्रों के अनुसार, यह कहना मुश्किल है कि हाफिज़ हर समय इसी ठिकाने पर मौजूद रहता है या नहीं, लेकिन इतना तय है कि लाहौर का यह घर उसका मुख्य ठिकाना है। सुरक्षा कारणों से उसके पाकिस्तान में और भी कई छिपे हुए अड्डे हो सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय दबाव फिर बढ़ा
इस खुलासे के बाद भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर भी एक बार फिर दबाव बना है कि वह पाकिस्तान से हाफिज़ सईद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करे। संयुक्त राष्ट्र द्वारा पहले ही उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित किया जा चुका है। भारत अब इस पक्के सबूत के आधार पर एक बार फिर पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाने की तैयारी में है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







