नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को बड़ा झटका लगा है। टीम के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रैविस हेड आगामी सीजन में खेलते नजर नहीं आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने अपने व्यस्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम और वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए आईपीएल 2027 से बाहर रहने का फैसला किया है। उनके इस फैसले से सनराइजर्स हैदराबाद की अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की तूफानी ओपनिंग जोड़ी टूट जाएगी।
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, हेड ने फ्रेंचाइजी को अपने फैसले की जानकारी दे दी है। हालांकि, उनके आईपीएल से बाहर होने से टीम का ऑक्शन पर्स बढ़ जाएगा। 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले आईपीएल ऑक्शन से पहले यह SRH के लिए बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
17 नवंबर को रिलीज और रिटेंशन की आखिरी तारीख
आईपीएल ने सभी फ्रेंचाइजी के लिए खिलाड़ियों को रिलीज और रिटेन करने की अंतिम तारीख 17 नवंबर तय की है। ऐसे में हेड के आईपीएल 2027 से बाहर होने की खबर ने SRH की तैयारियों को प्रभावित किया है। ट्रैविस हेड उन पांच कैप्ड खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया था। उन्हें 14 करोड़ रुपये में टीम के साथ बरकरार रखा गया था। हेड के अलावा फ्रेंचाइजी ने हेनरिक क्लासेन को 23 करोड़, पैट कमिंस को 18 करोड़, अभिषेक शर्मा को 14 करोड़ और नीतीश कुमार रेड्डी को 6 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। इन चार खिलाड़ियों को रिटेन करने की कुल कीमत 61 करोड़ रुपये थी। हेड के बाहर होने से फ्रेंचाइजी को ऑक्शन में अतिरिक्त रकम के साथ उतरने का मौका मिलेगा।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से वनडे वर्ल्ड कप तक व्यस्त रहेगा शेड्यूल
ट्रैविस हेड का आईपीएल 2027 से हटने का फैसला इसलिए भी अहम है, क्योंकि अगले साल ऑस्ट्रेलिया का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। अगस्त में ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भी संकेत दिया था कि 2027 में टीम के कई महत्वपूर्ण मुकाबलों को देखते हुए खिलाड़ियों को अपने कार्यक्रम को लेकर कुछ बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। आईपीएल के तुरंत बाद जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल प्रस्तावित है। इसके बाद जून से अगस्त तक एशेज सीरीज और अक्टूबर-नवंबर में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। ऐसे में हेड अपने वर्कलोड को नियंत्रित रखने के लिए आईपीएल से दूरी बना सकते हैं।
6.8 करोड़ में SRH से जुड़े थे ट्रैविस हेड
सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्रैविस हेड को 2024 के आईपीएल ऑक्शन में 6.8 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने बताया था कि नीलामी में हेड को अपनी टीम में शामिल करने के लिए उन्हें काफी प्रयास करना पड़ा था। हेड ने पहले ही सीजन में अपने प्रदर्शन से इस फैसले को सही साबित कर दिया। उन्होंने आईपीएल 2024 में 191.55 के शानदार स्ट्राइक रेट और 40 से अधिक की औसत से 567 रन बनाए थे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने सनराइजर्स हैदराबाद को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, खिताबी मुकाबले में टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
अभिषेक शर्मा के साथ कौन करेगा ओपनिंग?
ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने पिछले कुछ सीजन में आईपीएल की सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ियों में अपनी पहचान बनाई है। दोनों बल्लेबाज पावरप्ले में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाते रहे हैं। अब हेड के आईपीएल 2027 से बाहर रहने की स्थिति में सनराइजर्स हैदराबाद को नए ओपनिंग विकल्प तलाशने होंगे। ऑक्शन में फ्रेंचाइजी किसी विदेशी विस्फोटक बल्लेबाज को अपने साथ जोड़ सकती है। ऐसे में 16 दिसंबर को होने वाला ऑक्शन SRH के लिए काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








