Jaipur News: जयपुर के रामलीला मैदान में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और ईवीएम को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया। रैली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया समेत कई नेता मौजूद रहे। सभा के बाद न्यूगेट से त्रिपोलिया गेट तक पदयात्रा निकाली गई।
एसआईआर और ईवीएम को लेकर कांग्रेस पर अश्विनी वैष्णव का हमला
रामलीला मैदान में रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ईवीएम को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम कौन लेकर आया था? कांग्रेस ही ईवीएम लेकर आई थी। वैष्णव के अनुसार, कांग्रेस के शासनकाल में चुनाव प्रक्रिया में सुधार हुए और मतदाताओं को अपनी पसंद के उम्मीदवार को चुनने का अवसर मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र को मजबूत करने के बजाय उसे नुकसान पहुंचाने के लिए सड़कों पर उतरती है। वैष्णव ने कार्यकर्ताओं से ‘लोकतंत्र बचाना है, अराजकता हटाना है’ के नारे भी लगवाए।
‘एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा’, मतदाता सूची को बताया लोकतंत्र का आधार
अश्विनी वैष्णव ने एसआईआर को लेकर कहा कि यह देश में पहली बार नहीं हो रहा है। उनके मुताबिक, पहले भी कई बार यह प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है और कांग्रेस के शासनकाल में भी एसआईआर हुआ था। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची में सुधार करना है। किसी मतदाता की मृत्यु होने या उसके निवास स्थान बदलने की स्थिति में मतदाता सूची को अपडेट किया जाता है। रेल मंत्री ने मतदाता सूची को लोकतंत्र का मूल आधार बताते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
जयपुर के ससुराल का जिक्र कर बोले- ‘नाराज फूफा नहीं हूं’
रैली के दौरान अश्विनी वैष्णव ने जयपुर से अपने पारिवारिक रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह भी इसी धरती के जाया हैं। जयपुरवासी कभी उन्हें जीजा तो कभी फूफा बना देते हैं, लेकिन वह नाराज फूफा नहीं हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जयपुर वालों की वजह से उनका घर चल रहा है। दरअसल, रेल मंत्री का ससुराल जयपुर में है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अशोक गहलोत पर साधा निशाना
रैली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जोधपुर में गहलोत ने जो बातें कही थीं, उनमें से एक भी गलत साबित करके दिखा दीजिए।
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन (JJM) में कथित घोटाले का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या इस मामले में घोटाला नहीं हुआ और क्या मंत्री तथा अधिकारी जेल नहीं गए? उन्होंने गहलोत पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि लगाए गए आरोपों के सबूत जनता के सामने रखे जाने चाहिए। भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा जनता की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष पर उन्होंने 24 घंटे राजनीति करने का आरोप लगाया।
गहलोत ने मुख्यमंत्री को दिया था 24 घंटे का समय
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी थी। गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि उन्होंने पीपाड़ में खाद-बीज की दुकान खोली थी, जो छह महीने बाद बंद हो गई थी। उन्होंने जोधपुर विश्वविद्यालय में दाखिला लेने और छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव लड़ने का भी जिक्र किया।
गहलोत ने सवाल उठाया था कि मुख्यमंत्री के दिमाग में ये बातें कहां से आईं और किस आधार पर आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत और मिथ्या आरोपों के बाद उन्हें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री गलती स्वीकार कर खेद जताएंगे। गहलोत ने मुख्यमंत्री को 24 घंटे का समय देने की बात भी कही थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी पद की गरिमा बनाए रखने के लिए आरोप लगाने से पहले तथ्यों की जांच जरूरी है।
मदन राठौड़ बोले- सत्ता के लिए बिन पानी मछली की तरह तड़प रहा विपक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी रैली में विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता सत्ता के लिए बिन पानी मछली की तरह तड़प रहे हैं और अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं। राठौड़ ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां भाड़े के लोगों को लाकर प्रदर्शन करवाया गया। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे ऐसे लोगों के साथ खड़े दिखाई देते हैं, जो भगवान राम के खिलाफ बयान देते हैं और देश के टुकड़े करने की बातें करते हैं। राठौड़ ने लोकसभा में प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मी की पीठ पर हाथ रखने की घटना को लेकर भी राहुल गांधी पर टिप्पणी की और उनके नेता प्रतिपक्ष होने पर सवाल उठाए।
न्यूगेट से त्रिपोलिया गेट तक निकाली गई पदयात्रा
भाजपा की रैली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया और सांसद मंजू शर्मा समेत कई नेता शामिल हुए। रामलीला मैदान में सभा के बाद न्यूगेट से त्रिपोलिया गेट तक पदयात्रा निकाली गई। भाजपा नेताओं ने इस दौरान लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के खिलाफ अभियान का संदेश दिया।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








