जयपुर: गुलाबी नगरी के परकोटे में पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को राहत दिलाने के लिए जयपुर पुलिस नई यातायात व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है। खासतौर पर शनिवार और रविवार को बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए वन-वे व्यवस्था, पैदल पर्यटकों के लिए अलग लेन और बड़ी पर्यटक बसों के प्रवेश पर नियंत्रण जैसे विकल्पों पर काम किया जा रहा है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा ने राजस्थान पत्रिका से विशेष बातचीत में बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान दोपहर बाद परकोटे में वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ व्यापारियों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए हवा महल के सामने वन-वे व्यवस्था लागू करने और पैदल घूमने वाले पर्यटकों के लिए अलग लेन बनाने का प्रस्ताव है।
शनिवार-रविवार को लागू हो सकती है नई ट्रैफिक व्यवस्था
पुलिस की योजना है कि हर शनिवार और रविवार को परकोटे में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए। इसके लिए व्यापारियों और अन्य संबंधित पक्षों से बातचीत की जाएगी। पहले भी वन-वे और ट्रैफिक फ्री रोड जैसे विकल्पों पर चर्चा हुई थी, लेकिन कुछ व्यापारियों ने विरोध जताया था। अब सभी पक्षों की सहमति से ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका असर सड़कों पर साफ दिखाई दे।
रामलीला मैदान में रोकी जाएंगी बड़ी पर्यटक बसें
परकोटे में जाम की एक बड़ी वजह 52 और 32 सीटर पर्यटक बसों का प्रवेश भी है। ये बसें जलेबी चौक तक पहुंच जाती हैं, जहां आगे रास्ता नहीं होने के कारण इन्हें वापस मुड़ना पड़ता है। इस दौरान यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है। इसे देखते हुए पुलिस की योजना बड़ी पर्यटक बसों को रामलीला मैदान में ही रोकने की है। यहां से पर्यटक छोटे वाहनों के माध्यम से परकोटे के पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकेंगे। इसके साथ ही टैक्सियों के लिए भी निर्धारित स्थान तय करने की तैयारी है।
लोडिंग वाहनों के प्रवेश का समय होगा निर्धारित
पर्यटन सीजन के दौरान बाजारों में सामान की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए लोडिंग वाहनों के प्रवेश का समय भी निर्धारित किया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, सामान लेकर आने वाले वाहनों को सुबह से दोपहर 12 बजे तक ही प्रवेश देने की योजना है। इससे बाजारों में दिन के समय यातायात का दबाव कम किया जा सकेगा। इसके लिए टूर ऑपरेटरों और टूरिस्ट ट्रैवल एजेंसियों के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी, ताकि बसों और टैक्सियों के संचालन को व्यवस्थित किया जा सके।
तोपखाना और किशनपोल सहित कई रास्तों पर वन-वे की तैयारी
अक्टूबर से दिसंबर तक पर्यटन सीजन में परकोटे के बाजारों में वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में आमजन और व्यापारियों से उपलब्ध स्थान के अनुसार ही वाहन पार्क करने की अपील की जाएगी। पुलिस की योजना तोपखाना, किशनपोल और जौहरी बाजार सहित कई प्रमुख रास्तों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने की भी है।
सभी विभागों के सहयोग से मिलेगी जाम से राहत
एडिशनल पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा का कहना है कि परकोटे को जाम से स्थायी राहत दिलाना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए जयपुर नगर निगम, जेडीए, पर्यटन विभाग, मार्केट एसोसिएशन और अन्य संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा। सभी पक्षों के सहयोग से ऐसी यातायात व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिससे पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित न हों और स्थानीय लोगों को भी जाम से राहत मिल सके।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







