Jaipur Zila Pramukh Election Result: यशवीर सूरा बने जयपुर जिला प्रमुख, कांग्रेस को मिले 42 वोट; भाजपा 28 वोटों से हारी

Jaipur Zila Pramukh Election Result 2026: जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस प्रत्याशी यशवीर सूरा जिला प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। बुधवार को हुए चुनाव में सूरा को 42 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी राजेश गुर्जर के पक्ष में 14 मत पड़े। इस तरह कांग्रेस उम्मीदवार ने 28 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि भाजपा को अपने सदस्यों की संख्या से एक वोट ज्यादा मिला, जबकि आरएलपी का एक सदस्य मतदान करने नहीं पहुंचा। जयपुर जिला परिषद की कुल 57 सीटों में से कांग्रेस ने 42 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा के खाते में 13 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को दो सीटें मिली थीं। चुनाव परिणाम में कांग्रेस को अपने सभी 42 वोट मिले। वहीं, भाजपा प्रत्याशी को 14 वोट मिलने से क्रॉस वोटिंग की चर्चा शुरू हो गई।

भाजपा को अपने सदस्यों से मिला एक वोट ज्यादा

मतदान के दौरान कुल 57 में से 56 जिला परिषद सदस्यों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कांग्रेस के सभी 42 सदस्यों ने यशवीर सूरा के पक्ष में मतदान किया। दूसरी ओर, भाजपा के पास 13 सदस्य होने के बावजूद उसके प्रत्याशी राजेश गुर्जर को 14 वोट मिले। इस तरह भाजपा को एक अतिरिक्त वोट मिला। वहीं, आरएलपी के दो सदस्यों में से एक सदस्य मतदान के लिए नहीं पहुंचा। चुनाव के नतीजों ने जिला परिषद में दलों की सदस्य संख्या और मतदान के दौरान मिले वोटों के बीच अंतर को सामने ला दिया।

नवनिर्वाचित जिला प्रमुख यशवीर सूरा जयपुर जिला परिषद के वार्ड नंबर 28 से सदस्य हैं। वे कांग्रेस संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और यूथ कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। कांग्रेस ने बुधवार सुबह ही जिला प्रमुख पद के लिए यशवीर सूरा के नाम की आधिकारिक घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। चुनाव में जीत के साथ ही अब जयपुर जिला परिषद की कमान उनके हाथों में आ गई है।  जयपुर जिला परिषद में मतदान के दौरान परिसर के मुख्य द्वार पर हंगामे की स्थिति बन गई। कुछ कांग्रेस नेता परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान पुलिस जवानों के साथ उनकी खींचतान हुई। कांग्रेस विधायक विद्याधर चौधरी की पुलिस अधिकारियों से बहस भी हुई। हालांकि, बातचीत के बाद मामला शांत हो गया और मतदान प्रक्रिया जारी रही।

जीत के बाद कांग्रेस सदस्य फिर बाड़ेबंदी में पहुंचे

मतदान और मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस के जिला परिषद सदस्यों को वापस बाड़ेबंदी में भेज दिया गया। गुरुवार को होने वाले उप जिला प्रमुख के चुनाव के लिए सदस्यों को फिर से लाया जाएगा। यशवीर सूरा की जीत के साथ जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस ने अपना जिला प्रमुख बना लिया है। चुनाव में कांग्रेस को 42 और भाजपा को 14 वोट मिले, जबकि एक आरएलपी सदस्य मतदान से अनुपस्थित रहा।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment