जालोर (राजस्थान): शहर के हेड पोस्ट ऑफिस रोड पर उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब स्थानीय निवासियों ने जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी को घेर लिया। सांसद चौधरी भाजपा के वरिष्ठ नेता चिरंजीलाल दवे के आवास पर उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे। जैसे ही वह बाहर निकले, मोहल्ले वासियों ने उनका हाथ पकड़कर सड़कों पर फैले सीवरेज के गंदे पानी और बदहाल सफाई व्यवस्था को दिखाया तथा भारी नाराजगी जताई।
‘3 महीने से सुन रहे हैं, 100 बार शिकायत दे चुके’: गुस्साए मोहल्लेवासी
सांसद लुंबाराम चौधरी द्वारा अधिकारियों को निर्देश देने की बात कहने पर स्थानीय निवासी शिव कुमार ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा, “हम पिछले 3 महीने से यही आश्वासन सुन रहे हैं और 100 से ज्यादा बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन धरातल पर कोई सफाई नहीं हो रही है।” उल्लेखनीय है कि लगभग 3 माह पूर्व भी सुंदेलाव तालाब में गंदे पानी की आवक रोकने और सीवरेज समस्या के समाधान को लेकर शहरवासियों ने सर्किट हाउस में सांसद से मुलाकात की थी। उस समय सांसद ने तीन महीने के भीतर स्थायी समाधान का आश्वासन दिया था, जिस पर अमल न होने से जनता का आक्रोश फूट पड़ा।
सांसद ने ऑन-स्पॉट लगाई फटकार- ’25 करोड़ लिए, फिर भी काम क्यों नहीं?’
जनता के गुस्से को देखते हुए सांसद चौधरी ने मौके से ही नगर परिषद के स्वास्थ्य निरीक्षक (SI) और नगर परिषद आयुक्त शिवपाल सिंह को फोन लगाकर जमकर फटकार लगाई।
-
स्वास्थ्य निरीक्षक से कहा: “आप कह रहे हैं सफाई हो रही है, जबकि सरकार से नगर परिषद ने 25 करोड़ रुपये लिए हैं। कहाँ हो रही है सफाई? मैं खुद मौके पर खड़ा हूँ और यहाँ गंदा पानी भरा हुआ है। मुझे 2 दिन के भीतर समस्या का स्थायी समाधान करके रिपोर्ट दें।”
-
आयुक्त के दावे को किया खारिज: जब नगर परिषद आयुक्त ने फोन पर सफाई होने का दावा किया, तो सांसद ने उनके दावे को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि कागजों में नहीं, बल्कि मौके पर आकर स्थायी समाधान कराएं। लापरवाही किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।
दोपहर में हरकत में आई नगर परिषद, पहुँची सुपर शकर मशीन
सांसद के कड़े रुख और ऑन-स्पॉट फोन कॉल के बाद नगर परिषद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। दोपहर में नगर परिषद की टीम सुपर शकर मशीन लेकर हेड पोस्ट ऑफिस रोड पहुँची और सीवरेज लाइन के ब्लॉकेज निकालने का काम शुरू किया। गौरतलब है कि इस रोड पर पिछले तीन सालों से सीवरेज लाइन ब्लॉक होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है।
दोनों पक्षों के बयान
“सीवरेज सिस्टम काफी पुराना है। सांसद द्वारा अवगत कराए जाने के बाद टीम और मशीनरी को मौके पर भेजा गया था। सीवरेज लाइन के ब्लॉकेज निकाले जा रहे हैं। एसटीपी (STP) तक पूरी लाइन साफ होने पर ही इसका पूर्ण स्थायी समाधान हो सकेगा।”
— शिवपाल सिंह, आयुक्त, नगर परिषद जालोर
“स्थानीय लोगों ने सीवरेज और जलजमाव की गंभीर समस्या से अवगत कराया था। मैंने नगर परिषद अधिकारियों को 2 दिन के भीतर तात्कालिक राहत देने और पूरी समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।”
— लुंबाराम चौधरी, सांसद, जालोर-सिरोही
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







