Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं ठप; गृह मंत्रालय ने सुरक्षा का हवाला देकर 1.5 किमी दायरे में लगाया प्रतिबंध

नई दिल्ली: नीट (NEET) पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों के उग्र विरोध प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

रात 12 बजे तक बंद रहेंगी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं

गृह मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक: 23 जुलाई को शाम 4:00 बजे से रात 12:00 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।  जंतर-मंतर और उसके आसपास का 1.5 किलोमीटर का क्षेत्र।  यह कार्रवाई टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 और टेलीकम्युनिकेशंस (टेम्पररी सस्पेंशन ऑफ सर्विसेज) रूल्स, 2024 के तहत केंद्रीय गृह सचिव की मंजूरी के बाद की गई है। गृह मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा है कि यह कदम किसी भी संभावित अफवाह को फैलने से रोकने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

दूसरी तरफ, इंटरनेट प्रतिबंध और पुलिस की सख्ती के बीच जंतर-मंतर पर सभा को संबोधित करते हुए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर जोरदार हमला बोला। अभिजीत दीपके ने कहा, “लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रधानमंत्री को बयान देने में 34 दिन लग गए। इसके बावजूद सरकार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जवाबदेही से बचाने में जुटी हुई है और छात्रों की जायज मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।”

छात्रों को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लेने का आरोप

इसी बीच, सीजेपी (CJP) ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीट पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने जंतर-मंतर आ रहे या वहां से लौट रहे निर्दोष छात्रों को पुलिस बिना किसी उचित कारण के बस में भरकर हिरासत में ले रही है। संगठन ने मांग की है कि छात्रों का उत्पीड़न तुरंत बंद किया जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment