: दुनिया भर में ठप हुई Outlook और Teams सर्विस, Microsoft ने शुरू की बहाली; 48 घंटे तक सुरक्षित रहेंगे ईमेल

Microsoft 365 Outage News: दुनियाभर में Microsoft 365 की सर्विस ठप होने से परेशान यूजर्स के लिए राहत की खबर है। Microsoft ने बड़े आउटेज को ठीक करने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है और कई सेवाएं धीरे-धीरे बहाल होने लगी हैं। कंपनी के मुताबिक, सर्वर की स्थिरता में सुधार हुआ है और Outlook मेलबॉक्स एक्सेस जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं फिर से काम करने लगी हैं। हालांकि, अभी सभी सेवाओं के पूरी तरह सामान्य होने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Outlook और Microsoft 365 की सर्विस धीरे-धीरे हो रही बहाल

Microsoft 365 Status के ताजा अपडेट के अनुसार, प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर के कुछ हिस्सों में रिकवरी का काम पूरा हो चुका है। अब धीरे-धीरे ट्रैफिक बहाल किया जा रहा है। कंपनी को Outlook मेलबॉक्स एक्सेस और देरी से ईमेल प्रोसेस होने जैसी समस्याओं में सुधार देखने को मिला है। कई यूजर्स ने भी Outlook के दोबारा काम करने की जानकारी दी है। हालांकि, रिकवरी अलग-अलग चरणों में जारी है। सर्विस की क्षमता अभी पूरी तरह सामान्य स्तर पर नहीं पहुंची है। ऐसे में कुछ यूजर्स को ईमेल भेजने, प्राप्त करने या अकाउंट एक्सेस करने में रुक-रुककर परेशानी हो सकती है।

Microsoft ने ईमेल के लिए बढ़ाई 48 घंटे की टाइमआउट विंडो

आउटेज के दौरान ईमेल डिलीवरी प्रभावित होने के बाद Microsoft ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कंपनी ने देरी से आने वाले ईमेल को सुरक्षित रखने के लिए ईमेल टाइमआउट विंडो बढ़ाकर 48 घंटे कर दी है। इस बदलाव का उद्देश्य सर्वर पर जमा ईमेल की कतार और बैकलॉग को प्रोसेस करने के लिए अतिरिक्त समय देना है, ताकि आउटेज के कारण प्रभावित हुए ईमेल डिलीवरी सिस्टम को सामान्य किया जा सके। इसके साथ ही कंपनी प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकवरी सॉल्यूशन लागू कर रही है। सर्वर को स्थिर करने और उनकी क्षमता बढ़ाने का काम भी जारी है।

गुरुवार रात 11:30 बजे शुरू हुई थी Microsoft 365 में परेशानी

Microsoft 365 आउटेज की शुरुआत गुरुवार रात करीब 11:30 बजे भारतीय समयानुसार हुई थी। सबसे पहले अमेरिका में यूजर्स ने Exchange Online मेलबॉक्स एक्सेस करने में परेशानी की शिकायत की। इसके बाद Microsoft ने पुष्टि की कि इस समस्या का असर दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों के यूजर्स पर पड़ सकता है। इस तकनीकी गड़बड़ी से Exchange Online, Microsoft Teams, SharePoint Online, Microsoft 365 Copilot और Microsoft Defender XDR जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। वहीं, आम यूजर्स के लिए Outlook.com, OneDrive, OneNote और Microsoft To Do जैसी सर्विस पर भी असर पड़ा।

शुरुआत में Microsoft ने अपने इंफ्रास्ट्रक्चर पर अधिक लोड को समस्या की संभावित वजह बताया था। हालांकि, बाद में कंपनी ने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक में अचानक बढ़ोतरी इस आउटेज का कारण नहीं थी। कंपनी के मुताबिक, कई सर्वर अचानक ऑफलाइन हो गए थे। इसके चलते बाकी सक्रिय सर्वरों पर दबाव बढ़ गया। समस्या तब और बढ़ गई जब कुछ सर्वरों को दोबारा चालू करने के बाद ट्रैफिक मिलते ही वे फिर से काम करना बंद कर रहे थे।

IndiGo और Akasa Air की ईमेल सर्विस पर भी पड़ा असर

Microsoft 365 आउटेज का असर भारत में भी देखने को मिला। IndiGo और Akasa Air की ईमेल सपोर्ट सर्विस प्रभावित हुई। इसके अलावा OpenAI और Anthropic जैसी AI कंपनियों ने भी Microsoft कनेक्टर्स में तकनीकी परेशानी की जानकारी दी। इससे स्पष्ट हुआ कि Microsoft की क्लाउड सेवाओं पर निर्भर कई कंपनियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के कामकाज पर इस आउटेज का असर पड़ा।

साइबर अटैक की आशंका से Microsoft ने किया इनकार

Microsoft ने कहा है कि उसे इस घटना के पीछे किसी साइबर अटैक के संकेत नहीं मिले हैं। फिलहाल कंपनी का पूरा ध्यान प्रभावित सेवाओं को स्थिर करने और सभी यूजर्स के लिए सामान्य संचालन बहाल करने पर है।

कंपनी ने यह भी बताया है कि समस्या पूरी तरह हल होने के बाद Post-Incident Report जारी की जाएगी। इसमें आउटेज की वास्तविक वजह, तकनीकी गड़बड़ी के प्रभाव और भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए किए जाने वाले बदलावों की जानकारी दी जाएगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment