ढाका। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। स्टार्क ने न सिर्फ छह विकेट लेकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी, बल्कि पारी की पहली ही गेंद पर शदमन इस्लाम को आउट कर टेस्ट क्रिकेट में नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। स्टार्क अब टेस्ट इतिहास में मैच की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज पेड्रो कॉलिन्स का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में तीन बार मैच की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया था।
पहली गेंद पर शदमन इस्लाम को भेजा पवेलियन
बांग्लादेश की पारी शुरू होते ही स्टार्क ने अपनी पहली गेंद पर शदमन इस्लाम को आउट कर दिया। इस विकेट के साथ ही उन्होंने कॉलिन्स के तीन बार पहली गेंद पर विकेट लेने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पेड्रो कॉलिन्स ने वेस्टइंडीज के लिए 32 टेस्ट मैच खेले और 106 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 1999 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था, जबकि अपने करियर का आखिरी टेस्ट भारत के खिलाफ 2006 में खेला था।
सिर्फ 22 गेंदों में आधी टीम ढेर
स्टार्क का कहर यहीं नहीं रुका। उन्होंने महज 22 गेंदों में बांग्लादेश के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। शदमन इस्लाम के बाद उन्होंने तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शांतो, मोमिनुल हक और लिटन दास को अपना शिकार बनाया। जब स्टार्क ने अपना पांचवां विकेट हासिल किया, उस समय बांग्लादेश का स्कोर महज 12 रन था। इस तरह उन्होंने बेहद कम गेंदों में विपक्षी टीम की आधी बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया।
छह विकेट लेकर बांग्लादेश पर बरपे स्टार्क
स्टार्क ने पहली पारी में कुल छह विकेट हासिल किए और बांग्लादेश की बल्लेबाजी को पूरी तरह झकझोर दिया। उनकी गेंदबाजी ने ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इससे पहले भी स्टार्क अपनी घातक गेंदबाजी का जलवा दिखा चुके हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने महज 15 गेंदों में पांच विकेट लेने का कारनामा किया था। अब बांग्लादेश के खिलाफ 22 गेंदों में पांच विकेट लेकर उन्होंने एक बार फिर अपनी तेज रफ्तार और स्विंग से बल्लेबाजों को परेशान कर दिया। स्टार्क के इस प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल परिस्थितियों से वापसी करने और विपक्षी टीम पर दबाव बनाने में कितनी सक्षम है।:
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







