कोलकाता। टीम इंडिया से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को करारा जवाब दिया है। बंगाल की ओर से खेलते हुए शमी ने उत्तराखंड के खिलाफ 7 विकेट झटके और अपनी फिटनेस पर उठ रहे सभी सवालों का मुंहतोड़ जवाब दे दिया।
पहले ही मैच में दिखाया पुराना जलवा
बंगाल और उत्तराखंड के बीच खेले जा रहे पहले दौर के मुकाबले में शमी ने दो पारियों में कुल 7 विकेट चटकाए। उन्होंने पहली पारी में 37 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में 4 विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी के चलते उत्तराखंड की टीम पहली पारी में 213 और दूसरी में 265 रनों पर ढेर हो गई। बंगाल ने पहली पारी में 323 रन बनाकर 110 रनों की बढ़त हासिल की।
एक ही ओवर में तीन विकेट
शमी ने अपनी धारदार गेंदबाजी से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उत्तराखंड की पहली पारी के 73वें ओवर में उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट झटके। उन्होंने जनमेजय को दूसरी गेंद पर, राजन कुमार को तीसरी गेंद पर और देवेंद्र कुमार को पांचवीं गेंद पर आउट कर दिया। उनके इस हैट्रिक जैसे ओवर ने मैच का रुख पलट दिया।
फिटनेस पर उठे सवालों का दिया जवाब
गौरतलब है कि वर्ल्ड कप 2023 फाइनल के बाद चोट के कारण शमी लंबे समय तक टीम इंडिया से बाहर रहे। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में वापसी की, लेकिन फिर फिटनेस को लेकर सवाल उठे। चयन समिति (अजीत अगरकर एंड कंपनी) ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में जगह नहीं दी थी। इसके बाद शमी ने कहा था — “अगर मैं फिट नहीं हूं तो रणजी और आईपीएल खेलने की इजाजत क्यों दी जा रही है? मैं लय में हूं और टीम के लिए तैयार हूं।” रणजी ट्रॉफी में उनके इस प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि शमी अभी भी भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में से एक हैं।
टीम इंडिया में वापसी के संकेत
शमी के इस प्रदर्शन से चयनकर्ताओं पर दबाव बढ़ गया है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वे इसी फॉर्म में बने रहे, तो जल्द ही भारत की टेस्ट टीम में उनकी वापसी तय है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







