NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन, दिल्ली में राहुल गांधी और जयपुर में अशोक गहलोत-डोटासरा हिरासत में

जयपुर/नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को दिल्ली सहित कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राजधानी दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई कांग्रेस नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जयपुर के अंबेडकर सर्किल पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अशोक गहलोत और गोविंद सिंह डोटासरा को हिरासत में लिया। उनके साथ मौजूद कई विधायक और कांग्रेस कार्यकर्ता भी पुलिस वाहन में बैठ गए। हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाया।

इससे पहले नई दिल्ली में कल्याण मार्ग पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई विपक्षी नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने मौके से हटाकर हिरासत में लिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस का कहना है कि पार्टी शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज करा रही थी, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए हिरासत में ले लिया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए एहतियातन कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को हटाकर अलग-अलग थानों में ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। पार्टी का कहना है कि जब तक इस पूरे मामले में जवाबदेही तय नहीं होती और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment