जयपुर। भजनलाल शर्मा सरकार ने शुक्रवार देर रात पुलिस प्रशासन और प्रशासनिक अधिकारियों में बड़ा फेरबदल किया। कार्मिक विभाग ने दो आईपीएस और तीन आरएएस अधिकारियों के तबादले और एपीओ (Awaiting Posting Orders) के आदेश जारी किए।
पाली जिले को नया पुलिस अधीक्षक
जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस आदर्श सिधू को कमाण्डेट, 12वीं बटालियन, आरएससी से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, पाली नियुक्त किया गया है। वहीं, आईपीएस केवल राम राव को पुलिस अधीक्षक, सीआईडी (मानवाधिकार) जयपुर से स्थानांतरित कर कमाण्डेट, 12वीं बटालियन, आरएससी नियुक्त किया गया है।
इससे पहले, पाली में आईपीएस पूजा अवाना को एसपी लगाया गया था। लेकिन हाल ही में केंद्र सरकार ने उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली भेज दिया है। अब पाली जिले को नया एसपी मिलने से जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
तीन आरएएस अधिकारी एपीओ
कार्मिक विभाग ने तीन आरएएस अधिकारियों को एपीओ कर दिया है। इनमें शामिल हैं –
-
डॉ. गुन्जन सोनी आरएएस, अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, बालोतरा।
-
रणजीत सिंह आरएएस, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद झुंझुनूं एवं पदेन मुख्य परियोजना अधिकारी (माडा)।
-
रामकुमार टाडा आरएएस, उपखण्ड अधिकारी, परबतसर, डीडवाना-कुचामन।
इन अधिकारियों को प्रशासनिक कारणों से एपीओ करते हुए आगामी आदेश तक पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया है।
प्रशासनिक सुधार की दिशा में कदम
राज्य सरकार के इस फैसले को स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था सुधारने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। पाली सहित प्रभावित जिलों में अब नए अधिकारियों के आने से कार्यशैली में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







