प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में राजनीतिक विरोधियों और विपक्ष पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्रेडिट लेने की होड़ और राजनीतिक संकीर्णता के चलते प्रदेश के इस सबसे बड़े ड्रीम प्रोजेक्ट (पचपदरा रिफाइनरी) को पूरे 5 साल तक ठंडे बस्ते में डालकर अटकाए रखा गया।
लागत में भारी बढ़ोतरी: पीएम मोदी ने बताया कि इस ढुलमुल रवैये के कारण रिफाइनरी की लागत जो कभी ₹37,000 करोड़ थी, वह आज दोगुनी से भी अधिक बढ़कर लगभग ₹80,000 करोड़ तक पहुंच गई। उन्होंने साफ किया कि उनकी सरकार परियोजनाओं को अटकाने या लटकाने में नहीं, बल्कि उन्हें समय पर पूरा कर जनता को सौंपने में विश्वास रखती है।
PM मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें
1. आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का संदेश
पीएम मोदी ने कहा, “यह धरती अनगिनत वीरों के शौर्य की साक्षी रही है। व्यक्ति और देश का स्वाभिमान तभी ऊंचा रह सकता है, जब वह आत्मनिर्भर हो। आज राजस्थान की धरती से भारत ने विकसित और आत्मनिर्भर होने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम उठाया है।”
2. युवाओं को रिफाइनरी की बधाई
पचपदरा रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह रिफाइनरी यहां हजारों लोगों के रोजगार का माध्यम बनेगी। उन्होंने विशेष तौर पर राजस्थान के युवाओं को इस बड़ी उपलब्धि की बधाई दी।
3. शिलान्यास ही नहीं, काम पूरा करने का संकल्प
पीएम मोदी ने विरोधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “आज का दिन साक्षी है कि भाजपा सरकारें परियोजनाओं का सिर्फ शिलान्यास करके नहीं छोड़तीं, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर देती हैं।” उन्होंने दो महीने पहले हुए एक हादसे के बाद भी इतनी तेजी से काम पूरा होने को ‘परिश्रम की पराकाष्ठा’ बताया।
4. जोधपुर को नए एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात
भाषण के दौरान उन्होंने मारवाड़ को बड़ी सौगात देते हुए बताया कि जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया गया है, जो इस क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को एक नई गति प्रदान करेगा।
5. ‘उड़ान योजना’ के नए चरण का आगाज
जोधपुर से ही आज ‘उड़ान योजना’ के नए चरण की शुरुआत की गई है। इसके तहत राजस्थान के छोटे-छोटे शहरों और दूर-दराज के क्षेत्रों को सीधे एयर कनेक्टिविटी (हवाई सेवा) से जोड़ा जाएगा।
6. जयपुर मेट्रो का विस्तार और शेखावाटी का जल संकट
प्रधानमंत्री ने जयपुर मेट्रो के विस्तार (फेज-2) का जिक्र किया और साथ ही यह भी भरोसा दिलाया कि शेखावाटी क्षेत्र के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा जल संकट का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।
7. 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी
रोजगार के मोर्चे पर एक बड़ी जानकारी साझा करते हुए पीएम ने कहा कि आज राजस्थान के करीब 54 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) मिला है, जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य को और मजबूती देंगे।
8. वैश्विक ऊर्जा संकट और भारत का सामर्थ्य
पश्चिमी एशिया के युद्ध का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस युद्ध ने 21वीं सदी का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट पैदा किया है, जिससे दुनिया के बड़े-बड़े देश ईंधन की किल्लत से जूझ रहे हैं। लेकिन नए भारत की इच्छाशक्ति और सही फैसलों, सटीक आंकलन व Diplomatic Power (कूटनीतिक ताकत) की वजह से भारत इस संकट से सफलतापूर्वक उबर पाया।
9. ‘अफवाहें फैलाई गईं, लोगों को डराया-भड़काया गया’
ईंधन संकट के दौरान देश में फैलाई गई अफवाहों पर बोलते हुए पीएम ने कहा, “बहुत अफवाहें फैलाई गईं, लोगों को डराया गया, भड़काया गया और राजनीति के खेल खेले गए। लेकिन जिनके इरादे गलत थे, वो सफल नहीं हो पाए। देश के दूर-सुदूर इलाकों में भी ईंधन की सप्लाई में कोई बड़ी कमी नहीं आने दी गई।”
10. जनता पर नहीं पड़ने दिया महंगाई का बोझ
पीएम मोदी ने वित्तीय आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि अप्रैल से जून के बीच अकेले डीजल-पेट्रोल में कंपनियों को 75 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा सहना पड़ा, जिसे सरकारी खजाने से उठाया गया। इसके अलावा, केंद्र सरकार ने प्रति लीटर 10 रुपये की एक्साइज ड्यूटी (Excise Duty) भी कम की ताकि आम जनता पर महंगाई का भारी बोझ न पड़े।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







