[the_ad id="102"]

दलित भाई-बहन की घोड़ी पर बिंदौरी रोकने पर बवाल, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निकाली गई बारात; नाबालिग दूल्हे पर भी उठे सवाल

झालावाड़ जिले के गुवालद गांव में शनिवार रात एक दलित परिवार की बिंदौरी को लेकर तनाव फैल गया। जब शंकरलाल मेघवाल के पुत्र दुर्गेश और पुत्री ममता की घोड़ी पर सवार होकर बिंदौरी निकाली जा रही थी, तब कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया और बिंदौरी पैदल निकालने की जिद पर अड़ गए। मामला बढ़ने पर भारी पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी, जिसके बाद ही बिंदौरी सकुशल निकाली जा सकी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह विरोध जातिगत मानसिकता से प्रेरित था। गांव के कुछ दबंगों ने दलित युवक और युवती को घोड़ी पर बैठकर बिंदौरी निकालने से रोका, जिससे विवाद गहराता चला गया।

प्रशासन ने रोकी शादी, उम्र को लेकर उठे सवाल
इस बीच ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचित किया कि दूल्हा दुर्गेश की उम्र विवाह योग्य नहीं है। जांच में पता चला कि दुर्गेश मात्र 20 वर्ष का है, जबकि भारत में पुरुषों के लिए विवाह की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष निर्धारित है। इस आधार पर प्रशासन ने दुर्गेश की शादी रोक दी और परिजनों को पाबंद किया। दूसरी ओर, दुर्गेश की बहन ममता की शादी रविवार को पुलिस सुरक्षा में संपन्न कराई गई।

भारी पुलिस बल, पांच गिरफ्तारियां
इस पूरे घटनाक्रम में गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। उपखंड अधिकारी छत्रपाल चौधरी, एडीएसपी चिरंजीलाल मीणा, डीएसपी जयप्रकाश अटल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने इस मामले में गुवालद गांव के मदन सिंह, भारत सिंह, गोरधन सिंह, नारायण सिंह और नागू सिंह को गिरफ्तार किया है। दो अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए डिटेन किया गया है।

डीएसपी अटल का बयान
डीएसपी जयप्रकाश अटल ने कहा, “इस तरह की घटनाएं सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करती हैं। जातिगत भेदभाव और सामाजिक द्वेष को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है। मनोज का उद्देश्य है कि हर पाठक को सरल भाषा में सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें मिलें, जिससे वह अपनी राय बना सके। वे डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में लगातार नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाकर अपने लेखन को और प्रभावशाली बना रहे हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट

संबंधि‍त ख़बरें

सोना चांदी की कीमत