तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने Vijay के मुख्यमंत्री पद की शपथ के बाद सोशल मीडिया पर नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि Rahul Gandhi की इंस्टाग्राम रील और फोटो पोस्ट को ब्लॉक कर दिया गया। हालांकि केंद्र सरकार के Ministry of Electronics and Information Technology ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
सरकार ने कहा- इंस्टाग्राम की तकनीकी गलती
सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया कि पोस्ट ब्लॉक करने में सरकार की कोई भूमिका नहीं थी। मंत्रालय के मुताबिक यह पूरी तरह इंस्टाग्राम के आंतरिक सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी थी, जिसकी वजह से पोस्ट गलती से फ्लैग हो गई थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मंत्रालय ने कहा कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा यह दावा किया गया कि विपक्ष के नेता की पोस्ट्स को MeitY ने हटवाया है, जबकि ऐसा नहीं है। इंस्टाग्राम के सिस्टम में हुई तकनीकी त्रुटि के कारण पोस्ट अस्थायी रूप से ब्लॉक हुई थीं, जिन्हें बाद में दोबारा बहाल कर दिया गया।
राहुल गांधी और विजय की तस्वीरें हुई थीं वायरल
पूर्व यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अभियान प्रमुख श्रीवत्स ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि राहुल गांधी और विजय की रील बेहद तेजी से वायरल हो रही थी। उनके मुताबिक, इंस्टाग्राम पर शेयर की गई रील को एक घंटे से भी कम समय में 1.2 करोड़ व्यूज मिले थे, जबकि फोटो पोस्ट 4.6 करोड़ लोगों तक पहुंच चुकी थी। श्रीवत्स ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहुंच लगातार सीमित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के X, YouTube और Instagram प्लेटफॉर्म्स पर रीच दबाई जा रही है।
विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री
रविवार को Vijay ने तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए सत्ता हासिल की। लंबे समय से तमिलनाडु की राजनीति में प्रभाव रखने वाली Dravida Munnetra Kazhagam और All India Anna Dravida Munnetra Kazhagam को बड़ा झटका लगा। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। तमिलनाडु के राज्यपाल R. N. Ravi ने विजय और उनके मंत्रिमंडल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विजय का भावुक भाषण वायरल
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय का पहला भाषण भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। उन्होंने खुद को “साधारण इंसान” बताते हुए कहा कि वह जनता से झूठे वादे नहीं करेंगे और केवल वही वादे करेंगे जिन्हें पूरा किया जा सके। विजय ने कहा कि उनकी सरकार सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और नई राजनीति की शुरुआत करेगी। उन्होंने युवाओं और बच्चों का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि “विजय मामा” हमेशा उनके साथ रहेगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







