जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को प्रदेश की लाखों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने 1 लाख 22 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दो सेट यूनिफॉर्म के लिए प्रति कार्यकर्ता 1-1 हजार रुपए की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की।
मानदेय में 10% की वृद्धि, 1 अप्रैल से होगी लागू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कर्मियों को राष्ट्र निर्माण की नींव बताया। उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मिड-डे मील कुक-कम-हेल्पर सहित समस्त मानदेय कर्मियों के मानदेय में 10 प्रतिशत की वृद्धि की है। यह बढ़ी हुई दरें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो जाएंगी। इसके अतिरिक्त, आगामी समय में कार्यकर्ताओं की आंखों की निःशुल्क जांच और चश्मा वितरण का कार्य भी किया जाएगा।
‘विकसित ग्राम-वार्ड अभियान’ में भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने 19 मार्च से 15 मई तक चलने वाले ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान’ का जिक्र करते हुए कहा कि गांवों के विकास का रोडमैप स्थानीय आकांक्षाओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने क्षेत्र के विकास के लिए बहुमूल्य सुझाव दें।
महिला सशक्तिकरण: लखपति दीदी से अमृत आहार तक
कार्यक्रम में सरकार की अन्य उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया:
-
अमृत आहार योजना: 3 से 6 वर्ष के बच्चों को सप्ताह में 5 दिन गर्म दूध दिया जा रहा है।
-
लखपति दीदी योजना: प्रदेश में अब तक 16 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। इस वर्ष ऋण राशि को 1 लाख से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपए कर दिया गया है।
-
पशुपालन: दूध पर 5 रुपए प्रति लीटर के अनुदान से महिला पशुपालकों को सीधा लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सोलर दीदी’ और ‘बैंक सखी’ जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं की शिक्षा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








