राजस्थान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां हाईकोर्ट की जोधपुर और जयपुर बेंच को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सोमवार सुबह हाईकोर्ट प्रशासन को धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद दोनों परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनज़र तुरंत सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और अदालत परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों तथा परिवादियों को सुरक्षित स्थान यानी गार्डन एरिया में भेज दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। जोधपुर में डीसीपी (पश्चिम) विनीत बंसल के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें पूरे परिसर की चप्पे-चप्पे पर जांच कर रही हैं। इसी तरह जयपुर बेंच में भी सुरक्षा एजेंसियां तलाशी अभियान चला रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों में हाईकोर्ट को कई बार धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। इससे पहले 6 फरवरी 2026 को भी इसी तरह की धमकी मिलने के बाद दोनों बेंचों को एहतियातन खाली कराया गया था। लगातार मिल रही धमकियों के कारण न्यायिक कार्यवाही प्रभावित हो रही है और वकीलों व आम लोगों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर
अधिकारियों का कहना है कि ईमेल की तकनीकी जांच कर उसकी लोकेशन और स्रोत का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल प्राथमिकता अदालत परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जांच पूरी होने तक दोनों परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







