जयपुर। राजस्थान दिवस के मौके पर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में 207 नई बसों को शामिल किया गया, जिन्हें गुरुवार को हीरापुरा बस टर्मिनल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा और मंत्री जोगाराम पटेल भी मौजूद रहे। यह पहल राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत आमजन को सस्ती, सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोडवेज की अनुबंधित बसों के अंदर जाकर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर बसों को रवाना किया गया।
207 बसों में ये हैं खास
नई शामिल की गई 207 बसों में—
-
100 ब्लू लाइन बसें
-
79 नॉन एसी बसें
-
28 एसी बसें शामिल हैं
इन बसों के संचालन से राज्य में बंद पड़े कई रूट्स फिर से शुरू हो सकेंगे और यात्रियों को बेहतर यात्रा विकल्प मिलेंगे।
ग्रामीण-शहरी कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
नई बसों के जुड़ने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होने से आमजन को सीधा फायदा मिलेगा। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, ये बसें लंबी दूरी और इंटरसिटी रूट्स पर भी चलाई जाएंगी।
सड़क सुरक्षा पर भी जोर
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने 700 महिला सड़क सुरक्षा अग्रदूतों को आईएसआई मार्का हेलमेट वितरित किए। सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल से लोगों में हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







