बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस मामले को लेकर चर्चा में हैं। इस केस के चलते वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं। गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, लेकिन अदालत ने तुरंत राहत देने से इनकार करते हुए सुनवाई को सोमवार तक के लिए टाल दिया।
जज ने क्यों टाली सुनवाई
राजपाल यादव के वकील भास्कर उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि जमानत अर्जी पर विपक्षी पक्ष की ओर से कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया था। इसी वजह से कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई सोमवार के लिए तय की है। उन्होंने कहा कि वह जेल जाकर अपने मुवक्किल से मिलेंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे, ताकि केस को मेरिट के आधार पर मजबूती से लड़ा जा सके।
2012 के समझौते से जुड़ा मामला
वकील के अनुसार यह विवाद साल 2012 के एक समझौते से जुड़ा है। राजपाल यादव ने एक फिल्म में करीब 5 करोड़ रुपये निवेश किए थे, लेकिन फिल्म फ्लॉप होने से उनका पैसा डूब गया। हालांकि उन्होंने कभी पैसे लौटाने से इनकार नहीं किया। बाद में दोनों पक्षों के बीच सहमति भी बनी, लेकिन विपक्षी पक्ष ने कुछ समय बाद भुगतान लेने से मना कर दिया, जो अदालत के रिकॉर्ड में दर्ज है। मामला लंबे समय तक लंबित रहने के बाद कोर्ट ने उन्हें तीन महीने की सजा सुनाई।
कितना पैसा चुका चुके हैं
उपाध्याय ने बताया कि अब तक करीब 2.5 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है और 1.25 करोड़ रुपये का चेक भी दिया गया है। बाकी रकम चुकाने में भी कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि मूल निवेश 5 करोड़ था, जो ब्याज के साथ बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
फिल्म इंडस्ट्री से मिल रहा समर्थन
वकील ने दावा किया कि बॉलीवुड के कुछ बड़े सितारे, जिनमें सलमान खान समेत अन्य कलाकार शामिल हैं, राजपाल यादव की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि लोग सच्चाई जानना चाहते हैं और केवल अंडरटेकिंग के आधार पर सजा नहीं दी जानी चाहिए।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







