जयपुर। केंद्र सरकार के बाद अब राजस्थान सरकार भी राज्य कर्मचारियों और अधिकारियों को दिवाली का तोहफा देने की तैयारी में है। राज्य में महंगाई भत्ता (DA) और पेंशनरों के लिए महंगाई राहत (DR) तीन प्रतिशत बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही कर्मचारियों को बोनस देने की तैयारी भी चल रही है।
केंद्र की तर्ज पर अब राज्य में भी 58% होगा डीए
केंद्र सरकार ने 1 अक्टूबर 2025 से डीए और डीआर बढ़ाने का फैसला किया है। इसके बाद अब दोनों 55% से बढ़कर 58% हो जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, राजस्थान सरकार भी केंद्र के बराबर डीए-डीआर लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। फिलहाल प्रस्ताव वित्त विभाग और उप मुख्यमंत्री (वित्त) कार्यालय तक पहुंच चुका है।
पिछले महीनों का एरियर भी मिलेगा
परंपरा के अनुसार, जुलाई-अगस्त-सितंबर का बढ़ा हुआ डीए कर्मचारियों के जीपीएफ या समकक्ष खाते में जमा होगा, जबकि आगे से बढ़ा हुआ डीए नियमित वेतन के साथ मिलेगा। वहीं, पेंशनरों को डीआर की बढ़ी हुई राशि 1 जुलाई से नकद भुगतान के रूप में दी जाएगी।
राज्य पर 1200 करोड़ का अतिरिक्त बोझ
सूत्रों के मुताबिक, डीए-डीआर बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर करीब 1200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। इसके अलावा बोनस देने की योजना से सरकार पर लगभग 500 करोड़ रुपए का और बोझ पड़ेगा।
पिछली बार सबसे कम बढ़ा था डीए
पिछले ढाई सालों में देखा जाए तो जनवरी 2025 में डीए सिर्फ 2% बढ़ाया गया था, जो अब तक की सबसे कम बढ़ोतरी रही।
-
2023 में जनवरी और जुलाई दोनों बार 4-4% डीए बढ़ा।
-
2024 में जनवरी में 4% और जुलाई में 3% बढ़ा।
-
2025 में जनवरी में सिर्फ 2% की वृद्धि हुई थी।
अब अक्टूबर 2025 में केंद्र और राज्य दोनों ने 3% डीए बढ़ाने का फैसला लिया है।
कर्मचारियों में उत्साह
डीए-डीआर बढ़ोतरी और बोनस की तैयारियों से राज्य के करीब 9 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों में उत्साह है। दिवाली से पहले आने वाला यह तोहफा उनके लिए आर्थिक राहत लेकर आएगा।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








