: शिरोमणि अकाली दल (SAD) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई मुलाकात के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियां अपने दम पर कर रही है और राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि पार्टी पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुटी हुई है और पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोगा में आयोजित रैली के दौरान ही स्पष्ट कर दिया था कि भाजपा राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
PM मोदी से मुलाकात में पंजाब के मुद्दों पर चर्चा
सुखबीर सिंह बादल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात को लेकर आरपी सिंह ने कहा कि अकाली दल प्रमुख ने पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर प्रधानमंत्री से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अलग-अलग राज्यों के नेताओं से नियमित रूप से मुलाकात करते हैं और पंजाब उनके लिए विशेष चिंता का विषय रहा है। बैठक में पंजाब की कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या और पेपर लीक समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सुखबीर बादल ने पंजाब से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रधानमंत्री के सामने रखा। हालांकि, इस मुलाकात के बाद भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जरूर तेज हो गई हैं, लेकिन भाजपा की ओर से फिलहाल अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही गई है।
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर BJP का हमला
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर भी भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी इच्छा के मुताबिक कहीं भी जा सकते हैं, लेकिन छात्रों के बीच उनके समर्थन को लेकर स्थिति अलग है आरपी सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन चल रहा था, उस दौरान राहुल गांधी 21 दिनों तक विदेश में थे। उन्होंने कहा कि विदेश से लौटने के बाद भी राहुल गांधी जंतर-मंतर नहीं गए और इसके बजाय उन्होंने अपना अलग कैंप लगाया। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल पहले से चल रहे आंदोलनों को अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है और वास्तव में उनके साथ खड़ा नहीं है।
PM मोदी ने युवाओं को बताया देश का भविष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं को संबोधित किए जाने का जिक्र करते हुए आरपी सिंह ने कहा कि पीएम मोदी युवाओं को देश की संपत्ति और भविष्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश में बड़ी संख्या में नए स्टार्टअप सामने आएंगे और इन्हें आगे बढ़ाने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और नए विचार देश की अर्थव्यवस्था और विकास को नई दिशा दे सकते हैं।
E20 फ्यूल पर राहुल गांधी के वीडियो को लेकर BJP का पलटवार
E20 फ्यूल को लेकर राहुल गांधी की ओर से उठाए गए सवालों पर भी भाजपा प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी। आरपी सिंह ने कहा कि किसी भी वीडियो को जारी करने से पहले उसके तथ्यों की जांच कर लेनी चाहिए।उन्होंने राहुल गांधी द्वारा जारी वीडियो का हवाला देते हुए दावा किया कि जिस कार का पेट्रोल टैंक वीडियो में दिखाया गया था, उस पर स्पष्ट रूप से ‘E20 Compatible’ लिखा हुआ था। इसका मतलब है कि संबंधित वाहन E20 ईंधन के इस्तेमाल के लिए उपयुक्त है। आरपी सिंह ने राहुल गांधी को पंजाब के किसानों से बातचीत करने की सलाह देते हुए दावा किया कि पंजाब के किसान E20 के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इस मुद्दे पर जमीनी स्तर पर किसानों की राय जाननी चाहिए।
मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भी BJP का जवाब
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर आरपी सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह खड़गे को एक ऐसी किताब भेजेंगे, जिसमें RSS की भूमिका और उसके इतिहास के बारे में जानकारी दी गई है। आरपी सिंह ने दावा किया कि 1925 में RSS की स्थापना से पहले भी उसके पहले सरसंघचालक डॉ. केबी हेडगेवार स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन के दौरान डॉ. हेडगेवार को तीन बार गिरफ्तार किया गया था। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि देश की आजादी के आंदोलन के दौरान RSS से जुड़े कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया था। सुखबीर सिंह बादल और पीएम मोदी की मुलाकात के बाद पंजाब में गठबंधन की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जरूर तेज हुई हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का दावा इन चर्चाओं के बीच पार्टी की मौजूदा रणनीति को स्पष्ट करता है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








