वेब शो हाउस अरेस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। उल्लू ऐप पर प्रसारित इस शो में अश्लील सामग्री दिखाने के आरोपों के बीच अभिनेता एजाज खान को समन जारी किया गया है। महाराष्ट्र साइबर सेल और राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है।
उल्लू ऐप ने अब विवादों के घेरे में आए हाउस अरेस्ट के सभी एपिसोड अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिए हैं। महाराष्ट्र साइबर सेल के प्रमुख यशस्वी यादव ने बताया कि मीडिया और अन्य सूत्रों से उन्हें शो की आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी मिली थी। इसके बाद ऐप को शो हटाने का निर्देश दिया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। यशस्वी यादव ने बताया, “हमने ऐप को शो बंद करने और डाटा संरक्षित करने के निर्देश दिए हैं। यदि आगे शिकायतें आती हैं तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
आयोग का समन, 9 मई को पेशी
राष्ट्रीय महिला आयोग ने हाउस अरेस्ट शो में दिखाई गई आपत्तिजनक सामग्री पर संज्ञान लेते हुए एजाज खान के साथ-साथ उल्लू ऐप के सीईओ विभु अग्रवाल को समन भेजा है। आयोग ने दोनों को 9 मई को पेश होने का निर्देश दिया है।
सोशल मीडिया पर गुस्सा, नेताओं ने जताई नाराजगी
शो को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा वाघ ने शो पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए इसे “अश्लीलता का प्रतीक” बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शो का एक क्लिप साझा किया, जिसमें एजाज खान प्रतियोगियों से आपत्तिजनक बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने भी शो की आलोचना करते हुए महाराष्ट्र पुलिस के महानिदेशक को पत्र लिखकर प्रसारण पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की।
क्या है मामला?
हाउस अरेस्ट एक रियलिटी वेब शो है, जिसे उल्लू ऐप पर प्रसारित किया गया था। शो में दिखाए गए कुछ दृश्यों और संवादों को लेकर आरोप लगाए गए हैं कि वे “अश्लील और आपत्तिजनक” हैं। विशेष रूप से एजाज खान द्वारा कैमरे के सामने की गई अभद्र टिप्पणियों को लेकर विवाद गहराया है। अब देखना होगा कि 9 मई को आयोग के सामने एजाज खान और विभु अग्रवाल किस तरह की सफाई पेश करते हैं और इस मामले में कानून आगे क्या रुख अपनाता है।

Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है। मनोज का उद्देश्य है कि हर पाठक को सरल भाषा में सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें मिलें, जिससे वह अपनी राय बना सके। वे डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में लगातार नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाकर अपने लेखन को और प्रभावशाली बना रहे हैं।