जिले के देईखेड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौथ माता के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं पर रुई से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक पलट गया। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है।
यह हादसा कोटा–लालसोट मेगा हाईवे पर पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति में था और अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया। ट्रक के नीचे कई श्रद्धालु दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू में जुटा प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही देईखेड़ा थाना पुलिस, लाखेरी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस और राहत-बचाव दलों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रुई में दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोग भी मदद में जुट गए।
12 घायलों को लाया गया अस्पताल
हादसे में घायल 12 श्रद्धालुओं को पहले देईखेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि आठ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कोटा रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में लगाई आग
हादसे के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने पलटे हुए ट्रक में आग लगा दी और कोटा–दौसा–लालसोट मेगा हाईवे को जाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बूंदी एडिशनल एसपी उषा शर्मा, लाखेरी और केशोरायपाटन एसडीएम मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश कर शांत कराने में जुटे रहे। हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर दिया है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








