नीट आंदोलन पर मोदी सरकार की राहुल गांधी और विपक्ष से बड़ी अपील, बोले कहीं भी बात करने को तैयार

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) और पेपर लीक के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच मोदी सरकार ने विपक्ष और विशेषकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से बड़ी अपील की है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और जेपी नड्डा के बाद अब केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रह्लाद जोशी ने मीडिया के सामने आकर सरकार का रुख साफ किया और विपक्ष को इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति न करने की सलाह दी।

पीयूष गोयल: ‘भागने की बजाय चर्चा करें राहुल गांधी

केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले दोषियों पर सबसे सख्त कार्रवाई होगी और उन्हें फास्ट ट्रैक कोर्ट्स के जरिए जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए गोयल ने कहा, “इस मुद्दे को राजनीति का खेल नहीं बनाना चाहिए। कांग्रेस और विपक्ष से मेरी अपील है कि संसद में चर्चा से भागने की बजाय सामने आएं। राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को युवाओं के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। हम शांति बनाए रखें और चर्चा के जरिए ही ठोस समाधान निकालें।”

गजेंद्र सिंह शेखावत: ‘मैं खुद छात्र राजनीति से रहा हूँ, बहकावे में न आएं युवा’

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सरकार युवाओं की भावनाओं और उनकी चिंताओं को अच्छी तरह समझती है। उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा, “कुछ लोग छात्रों के आक्रोश का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हित साधने के लिए कर रहे हैं। मैं खुद छात्र राजनीति से निकला हूँ और जानता हूँ कि कैसे आंदोलनों को भटकाया जाता है। युवा किसी के बहकावे में न आएं।” शेखावत ने विपक्ष से कहा कि वे राजनीतिक फायदा उठाने के बजाय संसद में आकर सकारात्मक चर्चा करें।

प्रह्लाद जोशी: ‘हमारी सरकार ने ही बनाया पेपर लीक विरोधी कड़ा कानून’

वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्ष के घेराव का जवाब देते हुए कहा कि पेपर लीक की समस्या नई नहीं है और पिछली सरकारों के दौर में भी कई राज्यों में ऐसी घटनाएं होती रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “जब पिछली सरकारों के समय पेपर लीक हुए, तब क्या कभी जिम्मेदारी तय की गई थी? वर्तमान मोदी सरकार ने ही पेपर लीक को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है और इस बार भी दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”:

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment