Vivo TWS 5e Launch: स्मार्टफोन निर्माता Vivo ने अपने नए ट्रू वायरलेस स्टीरियो (TWS) ईयरबड्स Vivo TWS 5e को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इन ईयरबड्स को Vivo S60 सीरीज के साथ पेश किया है। नए ईयरबड्स को खास तौर पर उन यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो दमदार साउंड, लंबी बैटरी लाइफ और एडवांस नॉइज कैंसिलेशन फीचर्स की तलाश में हैं। Vivo TWS 5e स्टेम-स्टाइल डिजाइन के साथ आते हैं और इनमें सिलिकॉन ईयर टिप्स दिए गए हैं। प्रत्येक ईयरबड का वजन केवल 4.3 ग्राम है, जिससे इन्हें लंबे समय तक आराम से इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी ने इन्हें IP54 रेटिंग के साथ लॉन्च किया है, जो इन्हें धूल और पानी की हल्की छींटों से सुरक्षित बनाती है।
Vivo TWS 5e की कीमत
Vivo TWS 5e की कीमत 229 युआन (करीब 3,200 रुपये) रखी गई है। इन्हें व्हाइट, ब्लैक और स्काई ब्लू रंग विकल्पों में पेश किया गया है। फिलहाल ये कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
शानदार ANC और दमदार ऑडियो अनुभव
Vivo TWS 5e में 11mm के डायनेमिक ड्राइवर्स दिए गए हैं। कंपनी ने इनमें 55dB Hybrid Adaptive Active Noise Cancellation (ANC) तकनीक का इस्तेमाल किया है, जो आसपास के शोर को काफी हद तक कम करने में सक्षम है। इसके अलावा ईयरबड्स AAC, SBC और LC3 ऑडियो कोडेक्स को सपोर्ट करते हैं। इनमें Vivo का DeepX 3.0 Stereo Sound Effect और Spatial Audio फीचर भी दिया गया है, जिससे यूजर्स को म्यूजिक, मूवी और गेमिंग के दौरान बेहतर ऑडियो अनुभव मिलता है। गेमिंग पसंद करने वाले यूजर्स के लिए Vivo TWS 5e में 42ms तक का लो-लेटेंसी मोड दिया गया है। इससे ऑडियो और वीडियो के बीच देरी बेहद कम हो जाती है और गेमिंग अनुभव बेहतर बनता है।
कंपनी का दावा है कि ईयरबड्स सिंगल चार्ज में 13 घंटे तक का बैटरी बैकअप दे सकते हैं। वहीं चार्जिंग केस के साथ कुल बैटरी लाइफ 55 घंटे तक पहुंच जाती है। चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट दिया गया है। Vivo TWS 5e में Bluetooth 5.4 कनेक्टिविटी का सपोर्ट मिलता है। ये डुअल डिवाइस पेयरिंग फीचर के साथ आते हैं, जिससे यूजर्स एक साथ दो डिवाइस से कनेक्ट कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार इनकी वायरलेस रेंज 10 मीटर तक है। कम कीमत में प्रीमियम फीचर्स के साथ Vivo TWS 5e बजट सेगमेंट के TWS मार्केट में कड़ी प्रतिस्पर्धा पेश कर सकते हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







