जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तीन अधिकारियों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। कानोता थाना पुलिस ने इन अधिकारियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात तीनों अधिकारी काले रंग की थार गाड़ी को सड़क के बीचोंबीच रोककर रास्ता जाम कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों को थाने ले आई। लेकिन थाने में भी इन अधिकारियों का रवैया सुधरने के बजाय और आक्रामक हो गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और स्वयं को ‘बड़ा अधिकारी’ बताते हुए टेबल पर जोर-जोर से हाथ मारने लगे। इस दौरान टेबल का कांच टूट गया और सीएल अवकाश रजिस्टर भी फाड़ दिया गया।
आरोप है कि अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल बाबूलाल, कांस्टेबल सेवाराम और कांस्टेबल महाराज सिंह पर हमला कर दिया। हमले में हेड कांस्टेबल बाबूलाल का दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि अन्य दो कांस्टेबल के गले और हाथों पर खरोंचें और अंदरूनी चोटें आईं हैं।
पुलिस ने निवाई निवासी हरिराम सिंह पुत्र श्रीराम चौधरी, पीपलू निवासी जितेंद्र चौधरी पुत्र श्रद्धालाल, और सकतपुरा निवासी रामावतार मीना पुत्र कैलाश चंद मीणा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जब्त कर ली गई है।
मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) बस्सी, विनय कुमार डीएच को सौंपी गई है। थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







