गुजरात के अहमदाबाद में आज हुए एक भीषण प्लेन क्रैश के बाद राजस्थान की सियासत में भी हलचल मच गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजस्थान ने इस दुखद घटना के मद्देनज़र अपने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। इस निर्णय की जानकारी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की।
बीजेपी की ओर से जारी बयान में लिखा गया— “गुजरात में हुए दुखद प्लेन हादसे पर भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के आज के समस्त राजनीतिक कार्यक्रम अगली सूचना तक निरस्त किए जाते हैं।” वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए लिखा—
“एयर इंडिया की फ्लाइट दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सभी यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों की कुशलता एवं सुरक्षा हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।”
हादसे में पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी थे सवार
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी, दोपहर 1:38 बजे टेक-ऑफ करने के दो मिनट बाद ही क्रैश हो गई। यह विमान एक बोइंग 787 ड्रीमलाइनर था जिसमें कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल बताए जा रहे हैं। यात्रियों में 52 ब्रिटिश और 6 पुर्तगाली नागरिक भी शामिल थे।
जलता प्लेन और धुएं के गुबार
घटना के बाद मौके से सामने आए वीडियो में प्लेन धधकते हुए नजर आया और पूरा इलाका घने धुएं से भर गया। दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। सूत्रों के मुताबिक, अब तक 100 शव बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि, किसी जीवित यात्री की स्थिति की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।यह हादसा सिर्फ गुजरात ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक बड़ा झटका है। राजनीतिक दलों और आम लोगों में शोक और चिंता की लहर है।
