मेड़तासिटी। बाड़मेर से तीन बार विधायक रह चुके कांग्रेस नेता मेवाराम जैन के पोस्टर विवाद के बाद अब मेड़ता में बीजेपी विधायक लक्ष्मणराम मेघवाल के पोस्टर पर कालिख पोतने का मामला सामने आया है। घटना मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे से जुड़ी है।
जानकारी के अनुसार, सोगावास स्थित हेलीपैड स्थल के मुख्य गेट पर सीएम भजनलाल शर्मा के स्वागत के लिए होर्डिंग लगाई गई थी। इसी पर लगी विधायक लक्ष्मणराम मेघवाल की फोटो पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कालिख पोत दी। मामला सामने आते ही इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके से होर्डिंग हटवा दिया।
अभी तक नहीं हुई शिकायत दर्ज
इस मामले में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। हालांकि स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने विधायक को मामले की जानकारी दी।
विधायक की प्रतिक्रिया
विधायक लक्ष्मणराम मेघवाल ने घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि राजनीति में इस तरह की हरकतें कतई शोभनीय नहीं हैं। यह निंदनीय कार्य है और समाज में गलत संदेश देने वाला है। उन्होंने बताया कि प्रशासन अपने स्तर पर कार्रवाई कर रहा है, इसलिए उन्होंने स्वयं मामला दर्ज नहीं कराया है। इस घटना के चलते मेड़ता की राजनीति में हलचल मच गई है और यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







