बीकानेर में कांग्रेस की सियासत गरमाई: डोटासरा के दौरे के बाद जिला महासचिव नितिन वत्सस का इस्तीफा

बीकानेर, राजस्थान।
राजस्थान की सियासत में रविवार को बीकानेर एक नए राजनीतिक घटनाक्रम का गवाह बना। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के दौरे के कुछ ही घंटों बाद जिला संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस खेमे में हलचल मचा दी है।

डोटासरा ने लिया रामेश्वर डूडी का हाल

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा रविवार को बीकानेर पहुंचे और सीधे पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के निवास पर गए। डूडी लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। डोटासरा ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुलाकात के बाद वे तुरंत सीकर रवाना हो गए।

नितिन वत्सस ने जताई नाराजगी

लेकिन डोटासरा की इस मुलाकात ने नया विवाद खड़ा कर दिया। जिला संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत को भेजे पत्र में इस्तीफे की घोषणा कर दी। वत्सस ने लिखा कि डोटासरा का डूडी से मिलना सराहनीय है, लेकिन उन्होंने पूर्व शहर अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता जनार्दन कल्ला के घर न जाकर भावनात्मक उपेक्षा की। हाल ही में जनार्दन कल्ला की पत्नी सावित्री देवी का निधन हुआ था, लेकिन डोटासरा वहां नहीं गए।

वत्सस ने पत्र में कहा— “संगठन के मुखिया का दायित्व है कि वह नेताओं और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में शामिल हों। जनार्दन कल्ला ने जीवनभर कांग्रेस की सेवा की है। ऐसे समय में उपेक्षा असहनीय है।” उन्होंने आगे लिखा कि वे महासचिव पद पर अब काम नहीं कर सकते, हालांकि साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड़े रहेंगे।

हरीश चौधरी ने संभाला मोर्चा

इसी बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी बीकानेर पहुंचे। उन्होंने पहले रामेश्वर डूडी से मुलाकात की और फिर सीधे जनार्दन कल्ला के घर पहुंचे। चौधरी ने बीडी कल्ला और जनार्दन कल्ला से मिलकर सावित्री देवी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की।

राजनीतिक हलचल तेज

इस घटनाक्रम के बाद बीकानेर की कांग्रेस इकाई में खींचतान खुलकर सामने आ गई है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह प्रकरण आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस की गुटबाजी को और गहरा कर सकता है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment