RBSE Board Exams 2026: अब फरवरी में होंगी राजस्थान बोर्ड की 10वीं-12वीं परीक्षाएं, शिक्षा विभाग ने दिया प्रस्ताव

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं अब मार्च की बजाय फरवरी में आयोजित कराने का प्रस्ताव सामने आया है। यह सुझाव शिक्षा विभाग की बुधवार को हुई बैठक में दिया गया, जिसमें परीक्षा कैलेंडर को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप बनाने पर चर्चा हुई।

12 फरवरी से 12 मार्च तक हो सकती हैं परीक्षाएं

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जा सकती हैं। वहीं, कक्षा 9वीं और 11वीं की अंतिम परीक्षाएं 10 मार्च से 25 मार्च तक कराने का सुझाव दिया गया है। गौरतलब है कि पहले इन परीक्षाओं की तिथियां 23 अप्रैल से 8 मई तक तय की गई थीं। कक्षा 9 से 12 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, जो पहले 12 से 24 दिसंबर तक होने वाली थीं, अब उन्हें 11 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच आयोजित करने का प्रस्ताव है।

पढ़ाई के दिनों की संख्या बढ़ेगी

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से शैक्षणिक सत्र में पढ़ाई के दिनों की संख्या 180 से बढ़कर 210 से 220 तक हो जाएगी। स्कूल शिक्षा सचिव कृष्ण कूनाल ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू करने की योजना है। “इस बदलाव से शिक्षण कार्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप होगा। छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अधिक समय मिलेगा और सीबीएसई कैलेंडर के समान सत्र होने से नामांकन में भी वृद्धि की उम्मीद है।”

कृष्ण कूनाल, स्कूल शिक्षा सचिव

शिक्षक संगठनों ने दिए सुझाव

शिक्षक संगठनों ने कहा कि इस परिवर्तन को सफल बनाने के लिए अभिभावकों को जागरूक करना जरूरी होगा।
राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) के अध्यक्ष रंजीत मीणा ने सुझाव दिया कि सत्र की शुरुआत 1 मई से की जाए, ताकि अर्द्धवार्षिक, वार्षिक और बोर्ड परीक्षाओं की प्रक्रिया समय पर और सुचारू रूप से पूरी हो सके।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment