भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है। यह सीरीज कई मायनों में खास होगी — एक ओर जहां टीम इंडिया की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में होगी, वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी भी देखने को मिलेगी। क्रिकेट फैंस के लिए यह सीरीज इसलिए भी अहम है क्योंकि यह दोनों दिग्गजों का संभवतः आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा माना जा रहा है।
20 हजार इंटरनेशनल रन से बस 300 रन दूर
रोहित शर्मा अब तक तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में मिलाकर 19,700 इंटरनेशनल रन बना चुके हैं। अगर वे इस सीरीज में 300 रन और बना लेते हैं, तो वह 20 हजार इंटरनेशनल रन पूरे करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। इससे पहले यह उपलब्धि सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ हासिल कर चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 छक्कों का मौका
‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा छक्के लगाने के लिए जाने जाते हैं। अगर वे इस सीरीज में 12 छक्के और लगा देते हैं, तो वह किसी एक टीम के खिलाफ 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके वर्तमान 88 छक्के हैं, और यह आंकड़ा उन्हें एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड की ओर ले जा सकता है।
500 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले 5वें भारतीय बनेंगे
पर्थ में होने वाला पहला वनडे रोहित शर्मा के करियर का 500वां इंटरनेशनल मैच होगा। वह यह मुकाम हासिल करने वाले भारत के पांचवें खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, एमएस धोनी और विराट कोहली यह रिकॉर्ड बना चुके हैं।
गांगुली के रिकॉर्ड पर भी नजर
वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा के नाम 11,168 रन दर्ज हैं। अगर वे 54 रन और बना लेते हैं, तो वह सौरव गांगुली (11,221 रन) को पछाड़कर भारत के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इसके अलावा, उन्हें ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर 1000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 10 रन की जरूरत है।
50वें इंटरनेशनल शतक के करीब
रोहित शर्मा के नाम तीनों फॉर्मेट मिलाकर 49 इंटरनेशनल शतक हैं। वह एक और शतक लगाते ही 50 इंटरनेशनल शतक पूरे कर लेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने अब तक 8 वनडे शतक लगाए हैं। अगर इस सीरीज में वे एक और शतक जड़ते हैं, तो सचिन तेंदुलकर के 9 शतकों की बराबरी कर लेंगे, जबकि दो शतक लगाकर वे दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 वनडे शतक बनाए हों।
सीरीज पर सबकी निगाहें
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 19, 23 और 25 अक्टूबर को तीन मैच खेलेंगी। सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या रोहित शर्मा इन ऐतिहासिक माइलस्टोन को हासिल कर पाएंगे और भारत को जीत की राह पर ले जाएंगे।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








