झुंझुनूं। झुंझुनूं पुलिस ने दोहरी हत्या के मामले में वांछित तथा दस हजार रुपए के इनामी बदमाश रोहन गुर्जर को बनवास की पहाड़ियों से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कुख्यात अंतर्राज्यीय गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग का एक सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
सूचना पर चली थी विशेष टीम
थानाधिकारी सीताराम ओला ने बताया कि उन्हें कॉन्स्टेबल अजय भालोठिया से सूचना मिली थी कि आरोपी रोहन गुर्जर हथियार सहित बनवास क्षेत्र की पहाड़ियों में छिपा हुआ है। इस सूचना की पुष्टि पर त्वरित कार्यवाही करते हुए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
तलाशी के दौरान भागने की कोशिश, दबोचा
घेराबंदी के बाद जब पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया, तो एक युवक संदिग्ध लगने पर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहन गुर्जर उर्फ जसपाल उर्फ चेची, पुत्र रामावतार गुर्जर, निवासी बनवास बताया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्ज़े से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
कई राज्यों में फैला है अपराधी साम्राज्य
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी रोहन गुर्जर राजस्थान और हरियाणा के कई जिलों में अपने गैंग के निर्देश पर अपराध करता है। पुलिस के अनुसार, वह चिड़ावा सहित विभिन्न स्थानों से महंगी गाड़ियां किराए पर लेकर असम जैसे राज्यों में ले जाकर उन्हें कटवाने का काम करता है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे राजस्थान व हरियाणा में दर्ज अन्य वारदातें भी उजागर होने की उम्मीद है।
दस से अधिक मुकदमों में वांछित
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रोहन गुर्जर के खिलाफ विभिन्न थानों में जानलेवा हमला, धोखाधड़ी, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चिड़ावा, खेतड़ी नगर, सिंघाना, महेन्द्रगढ़ (हरियाणा), कोटपुतली, चौमू और जयपुर के विभिन्न थानों के मामले शामिल हैं। पुलिस अब उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








