बीसीसीआई ने भारतीय टीम के मौजूदा खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने 24 दिसंबर से शुरू हो रही विजय हजारे ट्रॉफी में सभी सीनियर खिलाड़ियों के लिए कम से कम दो वनडे मैच खेलना अनिवार्य कर दिया है। चयन समिति ने यह निर्देश साफ तौर पर सभी खिलाड़ियों को दे दिया है।
दरअसल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टी20 मैच 19 दिसंबर को खेला जाना है, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे 11 जनवरी 2026 को होगा। इन दोनों सीरीज के बीच तीन सप्ताह से ज्यादा का अंतर है। बीसीसीआई चाहता है कि इस खाली समय का इस्तेमाल सीनियर खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट खेलने में करें और अपनी मैच फिटनेस बनाए रखें।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद लिया गया फैसला
इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद घरेलू क्रिकेट को हर फॉर्मेट में अधिक महत्व देने की सिफारिश की गई थी। इसी कड़ी में यह फैसला लिया गया है। चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर की अगुवाई में यह निर्देश जारी किया गया है।
कोहली-रोहित ने दी उपलब्धता
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अपनी उपलब्धता की जानकारी पहले ही दे दी है। वहीं शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे सीनियर खिलाड़ियों से भी कहा जा सकता है कि वे अपनी-अपनी घरेलू टीमों के लिए कम से कम दो मैच खेलें।
चोट की स्थिति में ही मिलेगी छूट
बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने बताया, “विजय हजारे ट्रॉफी के छह राउंड 24 दिसंबर से खेले जाने हैं। यह खिलाड़ियों और उनके राज्य संघों पर निर्भर करेगा कि वे कौन से दो राउंड खेलना चाहते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि किसी खिलाड़ी को तभी छूट दी जाएगी, जब उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) की ओर से उसे अनफिट घोषित किया जाए। हालांकि अधिकारियों का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के बाद चोट से उबरने के लिए खिलाड़ियों के पास पर्याप्त समय होगा।
‘सिर्फ कोहली-रोहित’ वाली धारणा भी टूटेगी
इस फैसले से यह धारणा भी टूटेगी कि चयन समिति और मुख्य कोच गौतम गंभीर केवल विराट कोहली और रोहित शर्मा को उदाहरण बनाना चाहते हैं, जिन्हें कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है। अब साफ है कि नियम सभी सीनियर खिलाड़ियों पर समान रूप से लागू होंगे।
बुमराह निजी कारणों से लौटे घर
इसी बीच, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को धर्मशाला में तीसरे टी20 मैच से पहले निजी कारणों से घर लौटना पड़ा है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक उनके करीबी परिजन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्र ने बताया, “अगर सब कुछ ठीक रहा तो बुमराह चौथे या पांचवें मैच के लिए टीम से जुड़ सकते हैं।” बीसीसीआई के इस फैसले को भारतीय क्रिकेट में घरेलू ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








