IPL 2026 मिनी ऑक्शन से पहले बड़ा फेरबदल, BCCI के फैसले से फ्रेंचाइजियों में हलचल

आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से ठीक पहले बीसीसीआई ने ऐसा बदलाव किया है, जिसने सभी 10 फ्रेंचाइजियों को चौंका दिया है। 16 दिसंबर यानी आज होने वाली नीलामी से पहले बोर्ड ने खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट में आखिरी समय पर नए नाम जोड़ दिए हैं। पहले जहां ऑक्शन के लिए 350 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 369 खिलाड़ियों तक पहुंच गई है। शुरुआती सूची में 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन बाद में 9 नए खिलाड़ियों को जोड़ा गया। अब ऑक्शन से एक दिन पहले बीसीसीआई ने 10 और खिलाड़ियों को फाइनल लिस्ट में शामिल कर दिया, जिससे टीम मैनेजमेंट्स की रणनीतियों पर असर पड़ सकता है।

IPL 2026 ऑक्शन की फाइनल लिस्ट में बड़ा अपडेट

बीसीसीआई द्वारा किए गए इस बदलाव के बाद अब आईपीएल 2026 ऑक्शन की फाइनल लिस्ट में 253 भारतीय और 116 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि, सभी खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगेगी। नियमों के मुताबिक, अधिकतम 77 खिलाड़ी ही खरीदे जा सकते हैं, जिनमें से 31 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं।

इन नए खिलाड़ियों को मिली जगह

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, नई लिस्ट में भारत की टेस्ट टीम से बाहर चल रहे अभिमन्यु ईश्वरन समेत कई चर्चित और उभरते नाम शामिल किए गए हैं। इसके अलावा मणि शंकर मुरा सिंह, वीरनदीप सिंह, चामा मिलिंद, केएल श्रीजीत, एथन बॉश, क्रिस ग्रीन, स्वास्तिक चिकारा, राहुल राज नामला, विराट सिंह, त्रिपुरेश सिंह, काइल वेरेन, ब्लेसिंग मुजाराबानी, बेन सियर्स, राजेश मोहंती, स्वास्तिक सामल, सारांश जैन, सूरज संगाराजू और तन्मय अग्रवाल भी नई फाइनल लिस्ट का हिस्सा बने हैं।

केकेआर के पास सबसे बड़ा पर्स

आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन के लिए कुल खर्च की सीमा 237.55 करोड़ रुपये तय की गई है। 10 फ्रेंचाइजियां 77 स्लॉट्स को भरने के लिए बोली लगाएंगी। इस बार कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) सबसे मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जिनके पर्स में 64.3 करोड़ रुपये मौजूद हैं। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पास 43.4 करोड़ रुपये हैं और टीम के 9 स्लॉट खाली हैं। आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत 26 मार्च 2026 से होने की उम्मीद है, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई 2026 को खेला जाएगा।

कहां देखें IPL 2026 ऑक्शन लाइव

आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन का आयोजन अबू धाबी में किया जाएगा, जिसकी शुरुआत दोपहर 2:30 बजे से होगी। इसका लाइव प्रसारण Star Sports Network पर किया जाएगा, जबकि फैंस JioHotstar ऐप और वेबसाइट के जरिए इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे। आईपीएल ऑक्शन से पहले हुए इस आखिरी बदलाव ने नीलामी को और भी रोमांचक बना दिया है, जहां हर फ्रेंचाइजी की नजर सही खिलाड़ी पर बड़ी बोली लगाने पर होगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment