उदयपुर। राजस्थान के पर्यटन नगरी उदयपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। जिले के सायरा थाना क्षेत्र में स्थित एक होटल पर की गई इस रेड में पुलिस ने 31 युवक और 8 युवतियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में अधिकांश मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं, जो राजस्थान में अय्याशी के लिए आए थे। पुलिस के अनुसार, यह उदयपुर जिले में अब तक का सबसे बड़ा सेक्स रैकेट हो सकता है, जिसमें एक साथ इतनी बड़ी संख्या में युवक-युवतियों को पकड़ा गया हो। संबंधित होटल सायरा थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
मौके पर पहुंचे गिर्वा डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि इस गतिविधि को लेकर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके अलावा स्थानीय लोगों द्वारा भी समय-समय पर शिकायतें की जा रही थीं। सूचना की पुष्टि के बाद गोगुंदा पुलिस के सहयोग से विशेष टीम गठित की गई और बिना कोई मौका दिए होटल को चारों ओर से घेर लिया गया। जब पुलिस टीम ने होटल के कमरों में प्रवेश किया तो वहां 31 युवक और 8 युवतियां आपत्तिजनक और संदिग्ध स्थिति में मिलीं, जिन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
आपत्तिजनक सामग्री और वाहन जब्त
पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सभी 39 गिरफ्तार युवक-युवतियां मध्य प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, कई मोबाइल फोन और दो फोर व्हीलर वाहन भी जब्त किए हैं। इस अवैध गतिविधि को संरक्षण देने के आरोप में होटल के दो संचालकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम में केस दर्ज
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि गुरुवार को पूरे नेटवर्क का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि युवतियों को कहां से लाया गया था और होटल में यह अवैध गतिविधि कब से संचालित हो रही थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के परिवारजनों को भी सूचना दे दी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







