टी20 वर्ल्ड कप 2026 और भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर बने गतिरोध को खत्म करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने रविवार को दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान भेजा। इस प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा ने की। पाकिस्तान पहुंचकर उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के साथ अहम बैठक की।
भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज चाहता है पाकिस्तान
बैठक में खास तौर पर 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC के सामने एक बड़ी मांग रखी। नकवी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को दोबारा शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने ICC से अपील की कि वह इस मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारत सरकार से मध्यस्थता करे, ताकि दोनों देशों के बीच नियमित द्विपक्षीय मुकाबलों का रास्ता खुल सके।
13 साल पहले खेली गई थी आखिरी सीरीज
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज साल 2012-13 में खेली गई थी। उस दौरान पाकिस्तानी टीम ने भारत का दौरा किया था और तीन वनडे तथा दो टी20 मैचों की सीरीज खेली गई थी। इसके बाद से दोनों टीमें केवल ICC या एशिया क्रिकेट काउंसिल (ACC) के टूर्नामेंट्स में ही आमने-सामने आई हैं।
पहलगाम हमले के बाद और बिगड़े रिश्ते
पिछले साल फरवरी में हुए पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में और ज्यादा तल्खी आ गई। भारत में पाकिस्तान के बहिष्कार की मांग तेज हो गई थी। इसके बाद पाकिस्तानी सेलिब्रिटीज के सोशल मीडिया अकाउंट भारत में बैन कर दिए गए। साथ ही पाकिस्तान से जुड़े कई यूट्यूब चैनल और वेबसाइट्स पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। एशिया कप के दौरान भारतीय टीम ने पाकिस्तान से हाथ मिलाने से परहेज किया और PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी भी नहीं ली थी।
अब ICC की इस पहल के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत-पाकिस्तान क्रिकेट रिश्तों में कोई सकारात्मक मोड़ आता है या फिर दोनों टीमें आगे भी सिर्फ बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में ही आमने-सामने नजर आएंगी।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







