टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान के रुख पर अब भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सौरव गांगुली की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। भारत के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष गांगुली ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के फैसले पर नाराजगी जाहिर करते हुए उसे गैर-जरूरी और हैरान करने वाला करार दिया है।
सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के स्टैंड पर सवाल उठाते हुए कहा, “किस बात के लिए वर्ल्ड कप से पीछे हट रहे हैं? वे वैसे भी श्रीलंका में खेल रहे हैं। मुझे पाकिस्तान के पीछे हटने पर हैरानी हो रही है। वर्ल्ड कप में हर पॉइंट ज़रूरी होता है।” गांगुली के इस बयान को पाकिस्तान के लिए सीधी फटकार के तौर पर देखा जा रहा है।
बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान का बहिष्कार
दरअसल, पाकिस्तान ने बांग्लादेश के फैसले के समर्थन में भारत के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही यह मुद्दा सुर्खियों में आ गया, क्योंकि 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला तय है।
सूर्यकुमार यादव का साफ संदेश– ‘हम खेलेंगे’
इस पूरे विवाद के बीच भारतीय टीम का रुख बिल्कुल साफ है। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कोलंबो में कप्तानों की मीडिया ब्रीफिंग के दौरान दो टूक शब्दों में कहा कि भारतीय टीम अपने फैसले पर कायम है।
सूर्यकुमार ने कहा,
“हमारी सोच साफ है, हम खेलेंगे। हमारी फ्लाइट बुक है और हम जा रहे हैं। बाकी वे खुद देख सकते हैं। उनका फैसला मेरे कंट्रोल में नहीं है। हमने एशिया कप 2025 खेला, पाकिस्तान के खिलाफ न्यूट्रल वेन्यू पर खेले। हमें बताया गया है कि 15 फरवरी को हमारा मैच है और हम कोलंबो जा रहे हैं।”
पाकिस्तान के यू-टर्न के संकेत
अब इस मामले में पाकिस्तान के रुख में बदलाव के संकेत भी मिलने लगे हैं। लाहौर में हुई एक अहम बैठक में आईसीसी ने पीसीबी को साफ शब्दों में चेताया है कि अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है तो इससे पाकिस्तान क्रिकेट को भारी नुकसान हो सकता है।
इसी वजह से पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से इस बहिष्कार मामले पर चर्चा करने वाले हैं। माना जा रहा है कि भारत-पाक मैच को लेकर अंतिम फैसला इसी बैठक के बाद लिया जाएगा। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या पाकिस्तान अपने बहिष्कार के फैसले पर कायम रहता है या फिर वर्ल्ड कप और अंक तालिका के दबाव में यू-टर्न लेता है। भारत-पाक मुकाबले को लेकर सस्पेंस फिलहाल बरकरार है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








