Pakistan Super League 2026 पर इस बार संकट के बादल मंडरा रहे हैं। सुरक्षा चिंताओं और देश में बढ़ते ईंधन संकट के चलते टूर्नामेंट अब बंद दरवाजों के पीछे खेला जाएगा। इतना ही नहीं, उद्घाटन समारोह भी रद्द कर दिया गया है।
सिर्फ कराची और लाहौर में होंगे मैच
पहले यह लीग पाकिस्तान के छह शहरों—मुल्तान, पेशावर, फैसलाबाद, कराची, रावलपिंडी और लाहौर—में आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे सीमित कर केवल Karachi और Lahore में ही कराया जाएगा। United States Of America, Israel और Iran के बीच चल रहे युद्ध का असर अब खेल जगत पर भी साफ दिखने लगा है। वैश्विक तेल आपूर्ति में बाधा के कारण पाकिस्तान में ईंधन संकट गहरा गया है। इसी वजह से सरकार ने पहले ही स्कूल बंद करने और वर्क फ्रॉम होम जैसे कदम उठाए हैं।
दर्शकों की एंट्री पर रोक
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने साफ किया है कि मौजूदा हालात में स्टेडियमों में भारी भीड़ जुटाना असुरक्षित है। इसलिए सभी मैच बिना दर्शकों के खेले जाएंगे। पीसीबी प्रमुख Mohsin Naqvi ने कहा कि जब सरकार खुद लोगों से आवाजाही सीमित करने की अपील कर रही है, तो ऐसे में हजारों दर्शकों को स्टेडियम बुलाना सही नहीं होगा। बोर्ड ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद यह फैसला लिया है। अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय कठिन जरूर है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में जरूरी भी है।
पहले लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 15 मैच, रावलपिंडी में 11 और फैसलाबाद में 7 मैच प्रस्तावित थे। वहीं कराची में 6 और मुल्तान में 4 मुकाबले होने थे। अब पूरे शेड्यूल को घटाकर दो शहरों तक सीमित कर दिया गया है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 3 मई को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि 4 मई को रिजर्व डे रखा गया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








