‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर बोले अन्ना हजारे, कहा- युवाओं की आवाज को नजरअंदाज न करे सरकार

देशभर में सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी अभिजीत दीपके की ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर अब वरिष्ठ समाजसेवी Anna Hazare की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। अन्ना हजारे ने इस व्यंग्यात्मक ऑनलाइन आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार को अहम नसीहत देते हुए कहा कि युवा शक्ति को नजरअंदाज करना ठीक नहीं होगा। बीते कुछ दिनों से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रही है। पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स ब्लॉक किए जाने के दावों के बावजूद यह अभियान लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके भी लगातार नए तरीके से इस मुहिम को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।

‘युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति’

मीडिया से बातचीत के दौरान अन्ना हजारे ने कहा कि किसी आंदोलन के नाम से ज्यादा महत्वपूर्ण यह होता है कि उसके पीछे कितने लोग और किस भावना के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा इस अभियान से जुड़ रहे हैं, इसलिए सरकार को उनकी भावनाओं को समझना चाहिए। अन्ना हजारे ने कहा, “युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति होती है। सरकार को युवाओं की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए। उनकी आवाज सुननी चाहिए और उन्हें सही दिशा में प्रोत्साहित करना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल क्यों किया गया, इसे समझना जरूरी है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि आंदोलन के नाम से ज्यादा अहम उसकी पृष्ठभूमि और उससे जुड़ी युवा भागीदारी है।

कैसे शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?

दरअसल, यह पूरा विवाद भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की बेरोजगार युवाओं को लेकर की गई एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था। इसके बाद सोशल मीडिया पर व्यंग्य के तौर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से अभियान शुरू किया गया, जिसने कुछ ही दिनों में बड़ी लोकप्रियता हासिल कर ली। इस अभियान के संस्थापक अभिजीत दीपके लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। उन्होंने हाल ही में दावा किया था कि पार्टी की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल्स को बंद कर दिया गया है, लेकिन वह इस मुहिम को जारी रखेंगे।

‘सरकार कॉकरोच से इतनी डर क्यों रही है?’

अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनकी वेबसाइट पर करीब 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया और 6 लाख लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “सरकार कॉकरोच से इतनी डर क्यों रही है?” दावा किया जा रहा है कि महज सात दिनों में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर फॉलोअर्स की संख्या 1.87 करोड़ तक पहुंच गई, जिससे यह अभियान राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।

क्या राजनीति में एंट्री करेगी CJP?

अब यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ आने वाले समय में चुनावी राजनीति में उतर सकती है। इस पर अभिजीत दीपके ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई बड़ा प्लान नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर वह विवादित बयान नहीं आता तो शायद यह मुहिम भी शुरू नहीं होती। उन्होंने पार्टी की फंडिंग को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि यह पूरी तरह युवाओं की आवाज से जुड़ा आंदोलन है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment