हनुमान बेनीवाल के बयान पर गरमाई राजस्थान की सियासत, BJP नेताओं ने किया तीखा पलटवार

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के विवादित बयान के बाद राजस्थान की राजनीति में घमासान मच गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य मंत्रिमंडल को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताई है। कई वरिष्ठ नेताओं ने बेनीवाल के बयान को अशोभनीय और मर्यादाहीन बताते हुए तीखा हमला बोला है।

जवाहर सिंह बेढम बोले- “नशे में दिए जा रहे बयान”

राजस्थान सरकार में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने हनुमान बेनीवाल पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि उनके बयान गैर-जिम्मेदाराना और बेहद आपत्तिजनक हैं। उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर हनुमान बेनीवाल का एक बेतुका बयान वायरल हो रहा है। जिस तरह की भाषा उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के लिए इस्तेमाल की है, उससे पूरा राजस्थान आहत है। ऐसा लगता है कि आप किसी नशे में चूर होकर ऐसे बयान दे रहे हैं। आप सांसद हैं और आपको अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।” बेढम ने कहा कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक राजनीति के लिए उचित नहीं है और जनता ऐसे बयानों को स्वीकार नहीं करेगी।

मदन राठौड़ ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी बेनीवाल के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध स्वाभाविक है, लेकिन संवाद की मर्यादा और शालीनता बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि टीआरपी के लिए ऐसे बयानों को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। राठौड़ ने कहा, “जो नेता हल्के शब्दों का प्रयोग करते हैं, मीडिया को उनका बहिष्कार करना चाहिए। जनता पहले भी हनुमान बेनीवाल को सबक सिखा चुकी है।”

रामलाल शर्मा का भी हमला

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बेनीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि राजस्थान की जनता बेनीवाल के राजनीतिक चरित्र को अच्छी तरह जानती है और वे अपने स्वार्थ के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। मुख्यमंत्री के लिए इस्तेमाल किए गए शब्दों को अनुचित बताते हुए कहा कि इस तरह की भाषा किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती।

क्या था पूरा मामला?

दरअसल, बिचून रीको औद्योगिक क्षेत्र के विरोध में चल रहे ‘रीको भगाओ, भैराणा धाम बचाओ’ आंदोलन के तहत बुधवार को भैराणा गांव में महापंचायत आयोजित की गई थी। इस दौरान हनुमान बेनीवाल भी धरना स्थल पर पहुंचे थे। सभा को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए विवादित शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने सरकार पर साधु-संतों की अनदेखी का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सनातन के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन संत समाज के हितों की रक्षा करने में विफल रही। बेनीवाल ने मांग की कि प्रस्तावित रीको औद्योगिक क्षेत्र को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए और दादू पालका क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित किया जाए।

राजनीतिक माहौल हुआ गर्म

हनुमान बेनीवाल के बयान के बाद भाजपा और आरएलपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विवाद आने वाले दिनों में और गहरा सकता है, क्योंकि दोनों दलों के नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी जारी है।

Permalink:

Tags:

 

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment