दौसा। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दौसा जिले में करोड़ों रुपये मूल्य की अफीम की खेप पकड़ी है। आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई इस कार्रवाई में एक लग्जरी कार से 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
सीबीएन सूत्रों के अनुसार तस्करी की इस खेप को पकड़ने के लिए अधिकारियों ने लंबी निगरानी और गुप्त सूचना तंत्र का सहारा लिया। उप नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी और विपिन कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने करीब 2000 किलोमीटर लंबे रूट पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। रविवार सुबह आगरा-जयपुर हाईवे स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा के पास झारखंड नंबर की एक लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में छिपाकर रखे गए 109 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 115.160 किलोग्राम अफीम भरी हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि तस्करों ने अफीम की गंध छिपाने के लिए वाहन के भीतर भारी मात्रा में परफ्यूम का इस्तेमाल किया था। हालांकि टीम को संदेह होने पर वाहन की गहन जांच की गई और तस्करी का पूरा खेल उजागर हो गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत
अधिकारियों के मुताबिक बरामद अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाया जाना था। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान फलोदी निवासी मालाराम विश्नोई के रूप में हुई है। आरोपी को रविवार को दौसा स्थित एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पूछताछ के जरिए तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हनुमानगढ़ में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़
उधर, राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में भी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। नोहर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने गांव असरजाना में खेतों के बीच संचालित अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान एक सरकारी स्कूल में कार्यरत पीटीआई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से एमडी ड्रग्स, अफीम और ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाले बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ जब्त किए हैं। मामले में पांच अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि खेत में बनी एक ढाणी में अवैध रूप से एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही है। छापेमारी के दौरान 212 ग्राम अफीम, 5.36 ग्राम एमडी ड्रग्स तथा ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाले कई रसायन बरामद किए गए।राजस्थान में हाल के दिनों में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध ड्रग्स निर्माण के मामलों में तेजी देखने को मिली है। ऐसे में केंद्रीय और राज्य एजेंसियां संयुक्त रूप से नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








