पुणे: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस सनसनीखेज मामले से जुड़े नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच के अनुसार, 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि इसकी साजिश पहले से रची गई थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने कई बार हत्या की योजना बनाई थी और आखिरकार 18 जून को लोहगढ़ किले पर उसे अंजाम दे दिया।
कई बार की रेकी, फिर चुना लोहगढ़ किला
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले कई बार लोहगढ़ किले का दौरा किया था। पुलिस का मानना है कि इन दौरों का मकसद घटनास्थल का निरीक्षण करना और हत्या की योजना को अंतिम रूप देना था। जांच टीम को इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिन्हें अहम सबूत माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल को कथित तौर पर करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया गया।
परिवार के सवालों से बढ़ा शक
केतन की मौत के बाद सबसे पहले उसके परिवार को घटना पर संदेह हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केतन की बहन ने सिया गोयल से घटनास्थल पर उसकी मौजूदगी और घटनाक्रम को लेकर कई सवाल किए। पूछताछ के दौरान सिया के जवाबों में कथित विरोधाभास और घबराहट ने परिवार का शक और गहरा कर दिया।
नवंबर में होनी थी शादी
केतन अग्रवाल पुणे के जाने-माने बिल्डर विशाल अग्रवाल के बेटे थे। विदेश से एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह परिवार के रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ गए थे और सक्सेस ग्रुप में निदेशक एवं चीफ मार्केटिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसी वर्ष नवंबर में उनकी शादी सिया गोयल से तय थी।
12 घंटे तक माता-पिता से पूछताछ
मामले की जांच के तहत पुलिस ने सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल से करीब 12 घंटे तक पूछताछ की। इससे पहले उसके भाई साहिल गोयल से भी लगभग 10 घंटे तक सवाल-जवाब किए गए। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान परिवार ने बताया कि उन्हें सिया और चेतन चौधरी के कथित प्रेम संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना था कि शादी तय करने से पहले कई बार सिया से उसकी सहमति ली गई थी और उसने कभी भी इस रिश्ते पर आपत्ति नहीं जताई।
भाई बोला- पता होता तो शादी ही नहीं होने देते
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सिया के भाई ने कहा कि यदि परिवार को पहले से पता होता कि सिया इस शादी से खुश नहीं है या किसी और के साथ रिश्ते में है, तो यह विवाह कभी तय नहीं किया जाता।जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या सिया पर परिवार की ओर से शादी का कोई दबाव था या नहीं। फिलहाल परिवार ने ऐसे किसी भी दबाव से इनकार किया है। मामले के सामने आने के बाद सिया के माता-पिता ने भी घटना पर नाराजगी जताई। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि आरोप साबित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
जांच अभी जारी
पुलिस का कहना है कि यह मामला अभी जांच के चरण में है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में कुछ और लोगों से पूछताछ की जा सकती है और मामले में नए खुलासे होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







