बाड़मेर, 3 जुलाई। राजस्थान के बाड़मेर जिले में नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल के काफिले के दौरान गुरुवार को हंगामे की स्थिति बन गई। दांता गांव के पास एक कार के काफिले के सुरक्षा घेरे में पहुंचने पर बेनीवाल के समर्थक भड़क गए और कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी।
जानकारी के अनुसार, हनुमान बेनीवाल गुरुवार को जोधपुर से बाड़मेर पहुंचे थे। उन्होंने दोपहर में सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता की, जिसके बाद उनका काफिला देरासर गांव में आयोजित जनसभा के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर दांता गांव के समीप सामने से आ रही एक सफेद इनोवा कार अचानक काफिले की गाड़ियों के बेहद करीब पहुंच गई।
कार को सुरक्षा घेरे के बीच आता देख समर्थकों ने सुरक्षा में चूक की आशंका जताई और तत्काल अपने वाहन रोक दिए। इसके बाद दर्जनों समर्थकों ने कार को चारों ओर से घेर लिया और सरिए, डंडों तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस दौरान कार के आगे-पीछे के हिस्से और शीशों को भारी नुकसान पहुंचा।
घटना के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से देर शाम तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार गलती से काफिले के करीब पहुंची थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। वहीं, घटना के बाद सांसद हनुमान बेनीवाल का काफिला बिना किसी बाधा के देरासर गांव के लिए रवाना हो गया, जहां उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








