जोधपुर: जेएनवीयू में धरने पर बैठे NSUI कार्यकर्ता हिरासत में, फीस वृद्धि और छात्रसंघ चुनाव को लेकर बढ़ा विवाद

जोधपुर, 3 जुलाई। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) में फीस वृद्धि वापस लेने और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एनएसयूआई का आंदोलन गुरुवार देर रात नया मोड़ ले गया। अनिश्चितकालीन धरने के छठे दिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धरनास्थल से एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और छात्रों को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्मा गया है।

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में पिछले छह दिनों से एनएसयूआई कार्यकर्ता शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। गुरुवार सुबह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नोटिस जारी कर बताया कि बिना सक्षम अनुमति के धरना दिया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे और शहर में लागू धारा-163 का हवाला देते हुए धरना समाप्त करने को कहा गया।

हालांकि, एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रखने का आश्वासन दिया, लेकिन देर रात पुलिस ने धरनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस वाहनों में बैठाकर थाने ले जाया गया।

पुलिस कार्रवाई के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे छात्रों को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने इस कार्रवाई को सरकार की दमनात्मक और तानाशाही सोच का परिचायक बताया।

टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और मजदूर परिवारों से आते हैं। ऐसे में अघोषित फीस वृद्धि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को उच्च शिक्षा से दूर करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सभी का अधिकार है, लेकिन सरकार इसे केवल संपन्न वर्ग तक सीमित करना चाहती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से विश्वविद्यालय की फीस वृद्धि तत्काल वापस लेने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और हिरासत में लिए गए सभी छात्रों को बिना शर्त रिहा करने की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के पालन के तहत की गई है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment