दतिया उपचुनाव: नामांकन रैली में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, CM मोहन यादव ने संभाला, वीडियो वायरल

भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान सोमवार को भाजपा की नामांकन रैली में एक भावुक दृश्य देखने को मिला। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा मंच पर अचानक भावुक हो गए। उनकी आंखें नम हो गईं, जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें संभाला और कुर्सी पर बैठाया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उनका हाथ पकड़कर उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नरोत्तम मिश्रा खुद को संभालने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। कभी वे चेहरे पर आए आंसुओं को पोंछते नजर आते हैं तो कभी पानी पीकर खुद को सामान्य करने का प्रयास करते हैं।

नामांकन रैली में दिखा भावुक पल

यह भावुक क्षण भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन कार्यक्रम के दौरान सामने आया। रैली में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। मंच पर मौजूद नेताओं ने नरोत्तम मिश्रा का हौसला बढ़ाने की कोशिश की।

टिकट न मिलने से जुड़ी चर्चाओं को मिली हवा

राजनीतिक गलियारों में इस भावुक पल को दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने से जोड़कर देखा जा रहा है। उपचुनाव की घोषणा के बाद लंबे समय तक नरोत्तम मिश्रा के नाम की चर्चा चल रही थी। माना जा रहा था कि भाजपा उन्हें उम्मीदवार बना सकती है। बताया जाता है कि उन्होंने भी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी थीं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने अंतिम समय में कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित कर दिया। इसके बाद से राजनीतिक हलकों में लगातार इस फैसले को लेकर चर्चा बनी हुई है।

भाजपा ने कार्यकर्ता पर जताया भरोसा

दतिया उपचुनाव को भाजपा प्रतिष्ठा का चुनाव मान रही है। इसी कारण पार्टी ने पूरे चुनाव अभियान में अपने शीर्ष नेतृत्व को मैदान में उतार दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कई वरिष्ठ नेता लगातार दतिया में सक्रिय हैं। मुख्यमंत्री ने नामांकन के बाद कहा कि भाजपा ने दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया है और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा अपना विजय अभियान जारी रखेगी।

समर्थकों ने कहा- पार्टी का फैसला सर्वोपरि

नरोत्तम मिश्रा के भावुक होने के दौरान उनके कई समर्थक भी भावुक दिखाई दिए। हालांकि समर्थकों ने स्पष्ट कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ता आशुतोष तिवारी को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे।दतिया उपचुनाव में भाजपा और विपक्ष दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में नामांकन रैली का यह भावुक दृश्य चुनावी माहौल में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment