दौसा (राजस्थान): राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। नीट (NEET) धांधली और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर दौसा में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का रवैया पूरी तरह तानाशाही पूर्ण है। लाखों-करोड़ों नौजवानों के सपनों को बर्बाद करने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
‘खरगे और राहुल कोई आतंकवादी नहीं, जिन्हें सड़क पर घसीटा गया’ दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन और विपक्षी नेताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सचिन पायलट ने कहा, “राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कोई आतंकवादी नहीं हैं, फिर भी उनके साथ सड़क पर घसीट-घसीट कर दुर्व्यवहार किया गया।”
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर विपक्षी नेता लोक कल्याण मार्ग पर शांतिपूर्ण ढंग से बैठकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज एफआईआर (FIR) वापस लेने की मांग कर रहे थे, तो इसमें गलत क्या है? सरकार को प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज सभी झूठे मुकदमे तुरंत वापस लेने चाहिए।
‘पीएम मोदी की नाक के नीचे बर्बरता, फिर भी साधी चुप्पी’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रवैये पर सवाल खड़े करते हुए पायलट ने कहा, “देश की राजधानी में प्रधानमंत्री की नाक के नीचे छात्रों, निर्दोष युवाओं और लड़कियों के साथ पुलिस द्वारा बर्बरता की गई। पीएम मोदी हर मुद्दे पर पहल करने का कोई मौका नहीं छोड़ते, लेकिन इतने बड़े छात्र आंदोलन पर उन्होंने रहस्यमयी चुप्पी साध रखी है। विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं, तो सरकार उन पर ही आरोप लगा रही है। प्रधानमंत्री को अपना घमंड छोड़कर जमीनी सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए।”
‘जुमले और हिंदू-मुसलमान की राजनीति अब नहीं चलेगी’ सचिन पायलट ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि युवाओं के जख्मों पर मरहम लगाने की जगह सरकार दमनकारी नीतियां अपना रही है। उन्होंने कहा, “अगर देश के नौजवानों का इस लोकतांत्रिक व्यवस्था से विश्वास उठ गया, तो देश के लिए बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। भाजपा वाले समझते हैं कि वे केवल प्रचार करके, जुमले देकर और हिंदू-मुसलमान की बात करके वोट बटोरते रहेंगे, लेकिन यह राजनीति अब बहुत लंबा चलने वाली नहीं है।”
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








